जबलपुर: मध्य भारत एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पी.एस. शेखावत के पोस्टिंग आउट के अवसर पर मुख्यालय परिसर में एक गरिमामय सैन्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में जबलपुर मिलिट्री स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी, जूनियर कमीशंड अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। लेफ्टिनेंट जनरल पी.एस. शेखावत वर्ष 1987 में मैकनाइज्ड इन्फेंट्री रेजिमेंट में कमीशंड हुए। अपने सफल सैन्य करियर में उन्होंने कमांडिंग ऑफिसर, ब्रिगेड कमांडर, जनरल ऑफिसर कमांडिंग तथा सेना मुख्यालय में डीजी डीसी एंड डब्ल्यू जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभाए।
वे नेशनल डिफेंस अकादमी, खड़गवासला में चीफ इंस्ट्रक्टर भी रहे। वे 01 जनवरी 2024 से 31 जनवरी 2026 तक मध्य भारत एरिया के जीओसी रहे। उनके कार्यकाल में प्रशिक्षण, प्रशासन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुए तथा परिचालन तत्परता को नई मजबूती मिली। सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण हेतु चलाई गई अनेक योजनाएँ उनके नेतृत्व की पहचान रहीं। उन्होंने खेल और फिटनेस को बढ़ावा देते हुए सूर्या हाफ मैराथन जैसी पहल को भी प्रोत्साहित किया।
अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल शेखावत ने जबलपुर के नागरिकों, प्रशासन और मीडिया के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सेना-नागरिक समन्वय को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। समारोह के दौरान उन्होंने पदभार लेफ्टिनेंट जनरल हरबिंदर सिंह वांद्रा को सौंपा। समारोह के अंत में जबलपुर मिलिट्री स्टेशन द्वारा लेफ्टिनेंट जनरल पी.एस. शेखावत एवं राजलक्ष्मी शेखावत, जोनल आवा अध्यक्षा, को भावभीनी विदाई दी गई। लेफ्टिनेंट जनरल शेखावत अब मुख्यालय दक्षिण-पश्चिमी कमान में चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
