
भोपाल। मक्का-मदीना रुबात और कुर्रे (कुरेंदाजी) की प्रक्रिया को लेकर राजधानी में मुस्लिम समुदाय ने विरोध जताया। जुमे की नमाज़ के बाद बड़ी संख्या में हाजी साहेबान मोती मस्जिद स्थित शाही औकाफ कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
समुदाय के लोगों ने कहा कि रुबात की व्यवस्था और पारंपरिक कुर्रे की प्रक्रिया हाजियों का अधिकार है, जिसे किसी भी स्थिति में बहाल किया जाना चाहिए। उन्होंने औकाफ प्रशासन से इस मामले में स्पष्ट जवाब और ठोस कार्रवाई की मांग की।
समाजसेवी संस्था ‘टीम परवाज़’ के मुनव्वर अली के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने औकाफ कार्यालय का घेराव कर धरना दिया। प्रदर्शन में हाजी मोहम्मद इमरान हारून सहित कई लोग शामिल हुए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि लापरवाही के चलते मक्का-मदीना रुबात वक्फ संपत्ति संकट में है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि औकाफ शाही रुबात से जुड़े मुद्दों पर पारदर्शिता बरते और अज़मीन-ए-हज यात्रियों के लिए निशुल्क ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करे।
