
सीधी। जमोड़ी पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए
जबलपुर के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूंछताछ में सामने आया कि मामूली विवाद हत्या का कारण बना।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना जमोड़ी पुलिस ने ग्राम पड़रा में हुए अंधे कत्ल का सफल पटाक्षेप करते हुए आरोपी को जबलपुर से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस के अनुसार दिनांक 06 अप्रैल 2026 को सूचनाकर्ता रामकृपाल गुप्ता निवासी पड़रा ने थाना जमोड़ी में सूचना दी कि उनकी निर्माणाधीन बिल्डिंग में सुपरवाइजर का कार्य करने वाले राजू पटेल उम्र 45 वर्ष, निवासी जबलपुर अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पाए गए हैं। प्राथमिक सूचना पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीधी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बारीकी से साक्ष्यों का अवलोकन कर विवेचना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मृतक के सिर पर चोट के निशान होने के कारण मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हुआ, जिसकी पुष्टि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में भी हुई। इसके पश्चात अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। परिजनों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि मृतक राजू पटेल दिनांक 03 अप्रैल 26 को जबलपुर से अपने साथी संजू यादव और गुड्डा अहिरवार के साथ सीधी आया था।
हत्या का कारण और घटनाक्रम-
पूंछताछ में यह खुलासा हुआ कि दिनांक 04 अप्रैल 26 की शाम को मृतक राजू पटेल और आरोपी संजू यादव के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद से नाराज होकर संजू बिना बताए बस स्टैंड चला गया, जिसे राजू ने ढूंढ निकाला और सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज कर मारपीट की। इस अपमान का बदला लेने के लिए आरोपी संजू यादव ने योजना बनाई। उसी रात करीब 11 बजे, जब राजू पटेल और गुड्डा सो रहे थे, तब आरोपी संजू ने पास ही रखे हथौड़े से राजू के सिर पर 3-4 घातक प्रहार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। वारदात के बाद आरोपी पैदल ही बस स्टैंड पहुंचा और वहां से सतना होते हुए जबलपुर भाग निकला। थाना जमोड़ी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी संजू यादव पिता सूकल यादव उम्र 36 वर्ष निवासी तिलहरी, जबलपुर को अभिरक्षा में लेकर पूंछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा बरामद कर लिया था एवं आरोपी के गिरफ्तार होने के पश्चात उसने घटना के दौरान पहने हुए अपने रक्तरंजित कपड़े भी बरामद करवाए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
सराहनीय भूमिका-
समस्त कार्यवाही में थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सउनि आरडी साकेत, रामबाबू, आरक्षक केपी सिंह, नीरज पाराशर, अभिषेक तेंदुलकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा हैं।
