जबलपुर: बरेला थाना अंतर्गत ग्राम परतला चौराहे पर बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विवाद के दौरान स्कार्पियो सवार बदमाश ने सरेराह पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। आरोपी ने एक युवक पर जानलेवा हमला करने की नीयत से गोली चलाई थी, लेकिन निशाना चूक गया और पास में खड़े युवक के सीने में गोली जाकर धंस गई। घायल युवक को गंभीर हालत में शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम महगवां निवासी कपिल कुमार लोधी (21) अपने मामा भारत पटेल की बेटी के लगुन कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम परतला गया था। रात को कपिल अपने चाचा दिनेश लोधी और भाई कमलेश उर्फ पंकज लोधी के साथ परतला चौराहा स्थित नोखेलाल की दुकान के पास खड़ा था।इसी दौरान पड़वार रोड की ओर से एक काले रंग की स्कार्पियो आकर रुकी। कार से जमुनिया निवासी नितिन मिश्रा अपने एक साथी के साथ उतरा। नितिन मिश्रा गाली-गलौज करते हुए वहां खड़े मनीष पटेल नामक युवक से मारपीट करने लगा और उसे जबरन कार में घसीटने की कोशिश करने लगा।
जब गांव के लोग और परिजन बीच-बचाव करने पहुंचे, तो मनीष पटेल हाथ छुड़ाकर गांव की ओर भागा। आरोपी नितिन मिश्रा ने अपना दबदबा दिखाने के लिए कमर से पिस्टल निकाली और पहले एक हवाई फायर किया। इसके बाद उसने मनीष पटेल को जान से मारने की नीयत से दोबारा गोली चलाई। निशाना चूकने के कारण गोली मनीष को न लगकर वहां खड़े कमलेश उर्फ पंकज लोधी के दाहिने सीने में जा लगी। गोली लगते ही कमलेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। गोलीकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी नितिन मिश्रा और उसका साथी अपनी काले रंग की स्कार्पियो में सवार होकर तेजी से पड़वार की ओर भाग निकले। घायल कमलेश को तुरंत निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है
