
सीधी ।छुहिया घाटी में उड़ीसा पुलिस दल पर हमला कर बंदी छुड़ाने की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। पूर्व नियोजित साजिश में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो वाहन बरामद करने में सफलता पाई है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने आज रामपुर नैकिन थाना के पुलिस चौकी पिपरांव में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पूछताछ एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान, आरोपियों पर 30-30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। सीधी, रीवा, मैहर एवं मऊगंज जिले की पुलिस की संयुक्त टीम की कार्रवाई का पुलिस अधीक्षक ने मीडिया को व्यौरा दिया। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन, रीवा गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र रीवा हेमंत चौहान के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों द्वारा थाना रामपुर नैकिन क्षेत्रांतर्गत छुहिया घाटी में उड़ीसा पुलिस दल पर हमला कर पुलिस अभिरक्षा से बंदी को छुड़ाकर ले जाने की गंभीर घटना का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
बताया गया कि पूर्व नियोजित तरीके से पुलिस वाहन को घेरकर हमला किया गया था। 29 सितंबर 2026 को उड़ीसा पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी शासकीय वाहन से सर्किल जेल फुलवानी, जिला कंधमाल उड़ीसा से बंदी आदित्य मिश्रा को विशेष न्यायालय रीवा में प्रोडक्शन वारंट पर पेश करने हेतु लेकर आ रहे थे। इसी दौरान थाना रामपुर नैकिन क्षेत्रांतर्गत छुहिया पहाड़ की चढ़ाई पर आरोपियों द्वारा पूर्व नियोजित तरीके से अलग-अलग वाहनों से उड़ीसा पुलिस के वाहन को घेरकर रास्ता रोक दिया गया। आरोपियों द्वारा पुलिस वाहन के शीशे, बोनट एवं अन्य हिस्सों पर डंडे एवं बेसबॉल बैट से हमला किया गया तथा पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान हथियार से फायरिंग की गई तथा पुलिस वाहन के अंदर स्प्रे किया गया। हमले का लाभ उठाकर आरोपियों ने बंदी को जबरन उतारा और अपने साथ ले गए। घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना रामपुर नैकिन एवं पुलिस चौकी पिपरांव का बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधीक्षक सीधी को सूचना मिलते ही वे तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे, घटना का निरीक्षण किया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीधी द्वारा तत्समय अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार के इनाम की घोषणा की गई थी। इनाम राशि में वृद्धि हेतु आईजी रीवा जोन को पत्र प्रेषित किया गया था। आरोपियों की पहचान होने के पश्चात पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन द्वारा फरार आरोपियों पर 30 हजार प्रति आरोपी के इनाम की उद्घोषणा की गई है। उक्त मामले पर थाना रामपुर नैकिन में अपराध क्रमांक 1000/2026 अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं 25/27 आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। छुहिया घाटी मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीधी श्रीमती कमला जोशी, प्रभारी एसडीओपी चुरहट रावेन्द्र द्विवेदी, निरीक्षक थाना प्रभारी रामपुर नैकिन सुधांशु तिवारी, उप निरीक्षक थाना प्रभारी जमोड़ी केदार परौहा, उप निरीक्षक चौकी प्रभारी पिपरांव शेषमणि मिश्रा, जिला साइबर टीम की कार्रवाई में विशेष भूमिका रही। सीधी पुलिस द्वारा गंभीर एवं संगठित अपराधों के विरुद्ध त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी है।
चार जिलों की पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा
आईजी रीवा जोन एवं डीआईजी रीवा क्षेत्र के पर्यवेक्षण में सीधी, रीवा, मैहर एवं मऊगंज जिले की अलग-अलग टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ जारी है। आरोपी कुंवर प्रताप सिंह उर्फ शिवम सिंह बघेल निवासी ग्राम चौखड़ा थाना जनेह जिला रीवा वर्तमान निवासी प्रयागराज उप्र को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि बंदी आदित्य मिश्रा को छुड़ाने के लिए पूर्व से योजना बनाई गई थी। घटना में प्रयुक्त दो वाहन बरामद किए गए हैं। इनमें मेमोरेण्डम के आधार पर टाटा हैरियर वाहन क्रमांक डीएल 3 सीसीआर 0538 एवं मुखबिर सूचना पर लावारिस हालत में वाहन क्रमांक जीजे 34 डी 5455 बरामद की गई। पूछताछ एवं साक्ष्यों के आधार पर घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की टाटा हैरियर तथा एक ब्रेजा वाहन के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई है, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने की दर्जन भर संदिग्धों की पहचान
छुहिया घटना की विवेचना में पुलिस टीमें काफी सक्रियता के साथ साक्ष्यों की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस द्वारा पूछताछ एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कुछ व्यक्तियों की पहचान की गई है। इनमें कुलदीप ओझा, संजय पटेल, सचिन पटेल, आशीष पटेल, संग्राम सिंह, राजा पटेल, पुन्नी, रवि, अन्य 4-5 व्यक्ति शामिल हैं। बताया गया है कि कई संदिग्धों के काफी निकट पुलिस टीम पहुंच चुकी हैं। जल्द ही अधिकांश संदिग्धों को अपनी गिरफ्त में लेकर पुलिस द्वारा पूंछतांछ शुरू की जाएगी। पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि उक्त व्यक्तियों के संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी होने पर तत्काल निकटतम थाना को सूचित करें। सूचना देने वाले को 30 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।
