पर्यावरण और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाएं : डॉ मोहन यादव 

इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के दूसरे चरण के तहत रविवार को इंदौर में 21 लाख पौधारोपण और 51 हजार वर्षा जल संचयन संरचनाओं के निर्माण के महाअभियान का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बीएसएफ परिसर स्थित ग्राम बुढ़ानिया में फलदार पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाया जाए ।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मां अहिल्या की नगरी इंदौर ने हमेशा सेवा, संस्कृति और जनभागीदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया है। गुड़ी पड़वा से 30 जून तक चलाए गए विशेष अभियान में प्रदेशभर में कुओं, बावड़ियों, तालाबों, नदियों और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण का व्यापक कार्य किया गया है।

वीर जवानों के शौर्य को मिला सम्मान

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान साहस का परिचय देने वाले बीएसएफ जवान रवि चौहान और रामेंद्र सिंह का सम्मान किया गया। दोनों जवानों ने अपने साथियों की जान बचाते हुए गंभीर चोटें झेलीं और 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता का सामना किया। मुख्यमंत्री ने दोनों जवानों को दो-दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।

इसके अलावा देपालपुर में डिफेंस एकेडमी संचालित कर युवाओं को सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करने वाले सेना के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को भी दो लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।

 

हर व्यक्ति लगाए एक पौधा : कैलाश विजयवर्गीय

 

नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और हरित भविष्य का संकल्प है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए इस अभियान में इंदौर लगातार अग्रणी भूमिका निभा रहा है। पिछले वर्ष शहर में 12.40 लाख पौधे लगाए गए थे, जबकि इस बार 21 लाख पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है।

 

इंदौर ने पौधारोपण को बनाया जनआंदोलन : हेमंत खंडेलवाल

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि एक पौधा लगाना बड़ी बात नहीं है, लेकिन लाखों पौधे लगाने का संकल्प लेकर उसे सफल बनाना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इंदौर ने पहले 51 लाख, फिर 12 लाख और अब 21 लाख पौधारोपण का लक्ष्य लेकर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है।

खंडेलवाल ने कहा कि किसी अभियान को लगातार वर्षों तक चलाना और समाज की भागीदारी सुनिश्चित करना इंदौर की सबसे बड़ी ताकत है। प्रदेश की आर्थिक दिशा तय करने वाला इंदौर अब पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास और पर्यावरण के संतुलन के साथ इंदौर आने वाले वर्षों में देश के अग्रणी हरित शहरों में शामिल होगा।

 

जल संरक्षण पर भी रहेगा विशेष फोकस : भार्गव

 

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ जल संरक्षण को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। मुख्यमंत्री की पहल पर इंदौर में वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हरियाली और जल संवर्धन के इन प्रयासों से इंदौर पर्यावरणीय दृष्टि से और अधिक सशक्त बनेगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

 

बॉक्स

 

राम-लक्ष्मण की जोड़ी और ग्रीन सिटी का संकल्प

 

 

 

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर को क्लीन सिटी के साथ ग्रीन सिटी बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रह्लाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय की जोड़ी को राम-लक्ष्मण की तरह अमर बताते हुए कहा कि मंत्री तुलसीराम सिलावट भी हर कदम पर साथ हैं। मुख्यमंत्री ने आकाश विजयवर्गीय को अपना भतीजा बताते हुए आयोजन की सराहना की। वहीं कैलाश विजयवर्गीय ने हल्के फुल्के मजाकिया अंदाज में कहा कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव आजकल उनकी बैठकों में नहीं आते और काफी व्यस्त रहते हैं।

Next Post

इंदौर ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई: नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चला विशेष अभियान, कई वाहन जब्त

Sun Jul 12 , 2026
इंदौर। शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा मंगलवार को भंवरकुआं चौराहे पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को […]

You May Like