इंदौर. क्राइम ब्रांच ने स्कीम नंबर 51 स्थित लेशा मैरिज गार्डन की पार्किंग से दो युवकों को 14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. जब्त ब्राउन शुगर की कीमत करीब 1.40 लाख रुपए बताई गई है.क्राइम ब्रांच की टीम को गश्त और चेकिंग के दौरान पार्किंग में पहुंची थी. वहां बाइक पर बैठे दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए. संदेह होने पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा. पूछताछ में उनकी पहचान राहुल उर्फ यशु देशाई और अभिषेक उर्फ बाबा सोलंकी के रूप में हुई. तलाशी में 14 ग्राम ब्राउन शुगर मिली. राहुल आठवीं तक पढ़ा है और निजी कंपनी डीएनएच की कैंटीन में काम करता है.
उसके खिलाफ मल्हारगंज और बाणगंगा थाने में तीन प्रकरण दर्ज हैं. अभिषेक सातवीं तक पढ़ा है और मिठाई के डिब्बों पर लेमिनेशन का काम करता है. दोनों के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है. मामले में डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर ब्राउन शुगर के स्रोत, खरीदारों और सप्लायर नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है
