ग्वालियर: संभाग के शिवपुरी जिले के करैरा विधानसभा क्षेत्र में मध्य प्रदेश–उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित सिकंदरा आरटीओ बैरियर पर दरम्यानी रात लगभग 12 बजे एक सुनियोजित हमले ने प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी।करीब एक दर्जन से अधिक असामाजिक तत्वों ने बैरियर पर धावा बोलते हुए बैरियर प्रभारी सुमन दीक्षित के साथ मारपीट की और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावर पहले इसी बैरियर पर परिवहन विभाग के नाम पर अवैध वसूली और एंट्री का काम करते थे। विभाग द्वारा हटाए जाने के बाद से वे नाराज चल रहे थे। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर हमला किया। घटना की सूचना तत्काल दिनारा थाना पुलिस को दी गई, लेकिन प्रशासनिक सुस्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वारदात के कई घंटे बाद तक कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। देर से मामला दर्ज किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और घायल कर्मचारियों से मुलाकात की। वहीं दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र कुशवाहा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्टाफ के बयान लिए हैं। इस संबंध में पुलिस अनुभाग अधिकारी आयुष जाखड़ (आईपीएस) ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की जा रही है।बैरियर प्रभारी सुमन दीक्षित ने करैरा थाना पहुंचकर घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि उनके साथ मारपीट और छीना-झपटी की गई है, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। आगे की कार्रवाई के तहत वे न्यायालय में बयान दर्ज कराने जा रही हैं।
