इंदौर: शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदन नगर पुलिस ने सिविल ड्रेस में ग्राहक बनकर कार्रवाई करते हुए एक ड्रग्स तस्कर को एमडी के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 1.60 लाख रुपए की करीब 15.09 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है. पुलिस अब उसके नेटवर्क को खंगाल रही है.थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि मुखबिर सूचना के आधार पर टीम ने चंदन नगर सर्विस रोड क्षेत्र में घेराबंदी की. इस दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ने के लिए पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर पहुंचे. जैसे ही युवक ने ड्रग्स देने की कोशिश की, पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा. टीम ने आरोग्य अस्पताल के पीछे खाली मैदान में घेराबंदी कर उसे दबोच लिया.
रिमांड लेकर ड्रग्स नेटवर्क के संबंध में की जा रही पूछताछ
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद हनीफ उर्फ सोनू खान उम्र 30 साल निवासी राजकुमार नगर, मक्का मस्जिद वाली गली, इंदौर बताया. तलाशी में उसके पास से एमडी ड्रग्स बरामद हुई. आरोपी ने कबूला कि वह खुद नशे का आदी है और जल्दी पैसे कमाने व कर्ज चुकाने के लिए ड्रग्स का धंधा कर रहा था. वह आजाद नगर क्षेत्र से सस्ते में ड्रग्स खरीदकर यहां महंगे दामों में बेचता था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है. आरोपी को रिमांड लेकर उससे ड्रग्स सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
