मुरैना: मुरैना में रेत माफिया ने अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में वन रक्षक हरकेश गुर्जर की मौत हो गई, जिन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल दिया गया था। घटना दिमनी थाना इलाके में रानपुर गांव चौराहे के पास बुधवार सुबह हुई।पुलिस ने बताया कि अवैध रेत परिवहन की सूचना पर वन विभाग की 6 सदस्यीय टीम कार्रवाई करने पहुंची थी, तभी ड्राइवर विनोद कोरी ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने की कोशिश की। वन रक्षक हरकेश गुर्जर ने रोकने की कोशिश की, लेकिन विनोद ने उन्हें कुचल दिया और फरार हो गया।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, एसपी समीर सौरभ और डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल घटना स्थल का मुआयना कर रहे हैं। उन्होंने प्रत्यक्षदर्शियों से बात की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और शव का मुरैना जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।इस घटना की निंदा करते हुए कलेक्टर जांगिड़ ने कहा कि दोषी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी सौरभ ने कहा कि घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है और आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
