इंदौर: इंदौर में पहली बार एक अनोखा और बहुआयामी आयोजन “ट्रिवेरा 2026” होने जा रहा है, जो युवाओं के लिए प्रतिभा प्रदर्शन का बड़ा मंच बनकर सामने आ रहा है। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के तक्षशिला परिसर स्थित ऑडिटोरियम में 9 और 10 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम पो आर्ट क्लब द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है।यह आयोजन पारंपरिक कॉलेज फेस्ट से अलग है, क्योंकि इसमें बिजनेस, कॉमर्स, संस्कृति और रचनात्मकता का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। ट्रिवेरा 2026 विद्यार्थियों, कलाकारों और युवा उद्यमियों को एक ऐसा मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ नए अवसरों से भी जुड़ सकेंगे।
दो दिवसीय इस उत्सव में नुक्कड़ नाटक, स्ट्रीट डांस, एलिवेटर पिच, आईपीएल ऑक्शन, एडमैड शो और लाइव पेंटिंग जैसी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ये गतिविधियां न केवल प्रतिस्पर्धा का माहौल बनाएंगी, बल्कि युवाओं को सीखने और आगे बढ़ने की दिशा भी देंगी।कार्यक्रम में कई प्रमुख कलाकारों और विशेषज्ञों की मौजूदगी इसे और खास बनाएगी। ओंकार यादव अपनी कॉमिक कला से दर्शकों को जोड़ेंगे, जबकि अश्विनी बजाज का विशेष टॉक शो युवाओं को वित्तीय समझ की नई दिशा देगा। “राग तरंग” के अंतर्गत अमन होरा की संगीतमय प्रस्तुति माहौल को जीवंत बनाएगी, वहीं तनुज अपनी काव्य प्रस्तुति से दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ेंगे।
इस आयोजन की एक खास पहचान इसका फ्ली मार्केट भी है, जहां युवा उद्यमी अपने स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों और विचारों को प्रदर्शित कर सकेंगे। खास बात यह है कि इस फ्ली मार्केट में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, जिससे शहर के अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।ट्रिवेरा 2026 का उद्देश्य उन सभी युवाओं को मंच देना है, जो अपनी कला, सोच और कौशल के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहते हैं। यह आयोजन इंदौर के विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए एक ऐसा अवसर है, जहां वे भागीदारी के साथ-साथ सीखने और नए अनुभव हासिल कर सकते हैं।
