
इंदौर: शहर में नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत खजराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदन नगर निकवासी एक ड्रग्स पेडलर को 100 ग्राम से अधिक एमडी के साथ गिरफ्तार किया है. जब्त मादक पदार्थ की कीमत 10 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है.थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिलने पर स्कीम नंबर 134 क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा के पीछे घेराबंदी की गई. इस दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे टीम ने पकड़ लिया. तलाशी में उसके पास से एमडी ड्रग्स बरामद हुई.
आरोपी की पहचान 24 वर्षीय ओसामा उर्फ ओसम निवासी रानी पैलेस, गीता नगर, चंदन नगर के रूप में हुई है.पूछताछ में सामने आया कि वह खुद नशे का आदी है और जल्दी पैसे कमाने के लालच में सस्ते में ड्रग्स खरीदकर महंगे दामों में बेचता था. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वह राजस्थान से ड्रग्स लाकर शहर में सप्लाई करता था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल उसे रिमांड पर लेकर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है.
