जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत पाटन बायपास पर नो-एंट्री में शराब के नशे में धुत होकर घुसे कंटेनर ट्रक चालक जमकर उत्पात मचाया। तेज रफ्तार ट्रक घुसाने से रोकने पर ड्राइवर ने ड्यूटी पर तैनात यातायात आरक्षक के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि उसके साथ मारपीट कर वर्दी भी फाड़ डाली। इसके अलावा सूबेदार से झूमाझटकी कर दी। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मालवीय यातायात थाने में पदस्थ आरक्षक आरक्षक राजेश कुमार, सूबेदार रोहित तिवारी के साथ पाटन बायपास पर चेकिंग और यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। दोपहर करीब 12:15 बजे नो-एंट्री में चुंगीनाका की ओर से एक कंटेनर ट्रक क्रमांक एचआर 55 एई 7143 तेज रफ्तार और लापरवाही से आता दिखा। आरक्षक राजेश ने हाथ देकर ट्रक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने ट्रक नहीं रोका।
पीछा कर रोका तो बौखलाया, नेम प्लेट टूटी, कैमरा क्षतिग्रस्त
किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए सूबेदार रोहित तिवारी और आरक्षक ने पीछा कर ट्रक को 100 मीटर आगे घेराबंदी कर रोका। जैसे ही ट्रक रुका, चालक लक्ष्मण सिंह नीचे उतरा। आरक्षक के अनुसार, वह बुरी तरह शराब के नशे में धुत था। ट्रक रोकने से नाराज ड्राइवर ने आरक्षक से अभद्रता शुरू कर दी । जब उसे रोकने की कोशिश की गई, तो उसने आरक्षक की कॉलर पकड़ ली और मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में आरक्षक राजेश के माथे, पीठ और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। इस दौरान आरक्षक की नेम प्लेट टूट गई। बीच-बचाव करने आए सूबेदार के साथ भी आरोपी ने झूमाझटकी की, जिससे पुलिस का बॉडीवर्न कैमरा जमीन पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रकरण दर्ज, आरोपी गिरफ्तार, ट्रक जब्त
बादम में मौके पर मौजूद अन्य आरक्षक सानंद और स्थानीय दुकानदारों की मदद से आरोपी ड्राइवर को काबू में किया गया। पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण सिंह हिरासत में लिया और कंटेनर को जब्त किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
