महिंद्रा ने 1.84 लाख तक घटाये कारों के दाम

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (वार्ता) वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा ने मंगलवार को अपने चुनिंदा मॉडलों की कीमतों में 1.84 लाख रुपये तक की कमी करने की घोषणा की।

कंपनी ने बताया कि इसमें वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) का लाभ देने के अलावा त्योहारी छूट भी शामिल है।

ग्राहकों को बोलेरो कैंपर पर 93 हजार रुपये तक की जीएसटी कटौती के अलावा 35 हजार रुपये तक की अतिरिक्त छूट मिलेगी। इस प्रकार कुल छूट 1.28 लाख रुपये तक होगी। बोलेरो पिकअप पर 90 हजार रुपये तक की त्योहारी छूट के साथ 1.71 लाख रुपये तक की छूट मिलेगी।

हर मॉडल पर घोषित छूट की राशि उनके मॉडलों के लिए अलग-अलग होगी।

मैक्स पिकअप एचडी की कीमत में 1.74 लाख रुपये तक (80 हजार रुपये की त्योहारी छूट समेत) और मैक्स पिकअक सिटी में 1.50 लाख रुपये तक (1.05 लाख रुपये की अतिरिक्त छूट सहित) की घोषणा की गयी है।

वीरो पर 1.05 लाख रुपये तक और सुप्रो पर 1.20 लाख रुपये तक की त्योहारी छूट के साथ इनकी कीमतों में क्रमशः 1.83 लाख रुपये और 1.84 लाख रुपये तक की कमी की गयी है।

महिंद्रा ने इससे पहले 06 सितंबर को जीएसटी में की गयी कटौती का पूरा लाभ ग्राहकों को पहले ही देते हुये तत्काल प्रभाव से कुछ मॉडलों के दाम कम करने की घोषणा की थी। इन मॉडलों में बोलेरो/निओ, एक्सयूवी3एकसओ (पेट्रोल और डीजल), थार 2डब्ल्यूडी और थार 4डब्ल्यूडी (दोनों डीजल), स्कॉर्पियो क्लासिक, स्कॉर्पियो-एन, थार रॉक्स और एक्सयूवी700 शामिल हैं।

Next Post

ईडी ने दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन की 7.44 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की

Tue Sep 23 , 2025
नयी दिल्ली 23 सितंबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित रूप से दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन के स्वामित्व और नियंत्रण वाली कंपनियों की 7.44 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां कुर्क की हैं। ईडी की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक ईडी ने जैन, उनकी पत्नी पूनम […]

You May Like