वेलिंगटन, 16 जनवरी (वार्ता) न्यूजीलैंड ने गाजा में शत्रुता समाप्त करने के लिए संघर्ष विराम समझौते का स्वागत किया है और इस बात पर जोर दिया है कि नागरिकों की सुरक्षा और बंधकों की रिहाई सबसे पहले होनी चाहिए।
विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने एक बयान में कहा, ”पिछले 15 महीनों में इस संघर्ष ने अतुलनीय मानवीय पीड़ा पैदा की है।”
उन्होंने कहा, ”समझौते की शर्तों को अब पूरी तरह से लागू किया जाना चाहिए। नागरिकों की सुरक्षा और बंधकों की रिहाई प्रयासों में सबसे आगे होनी चाहिए।”
श्री पीटर्स ने कहा कि अब गाजा में मानवीय सहायता का बड़े पैमाने पर, तेजी से, अबाध प्रवाह होना चाहिए।
दीर्घकालिक और स्थायी शांति प्राप्त करने के लिए पार्टियों से दो-देश समाधान की दिशा में सार्थक कदम उठाने का आह्वान करते हुये श्री पीटर्स ने कहा कि राजनीतिक इच्छाशक्ति यह सुनिश्चित करने की कुंजी है कि इतिहास खुद को न दोहराए।
गौरतलब है कि कतर के विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी ने बुधवार को घोषणा की कि कतर, मिस्र और अमेरिका की गहन मध्यस्थता के बाद इजरायल और हमास बंधकों के लिए गाजा युद्धविराम समझौते पर सहमत हो गये हैं।
