
टीकमगढ़। जतारा में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब 40 आवेदन आए, जिनमें सबसे बड़ी शिकायत राशन दुकान को लेकर थी। वार्ड नंबर 6 की एक महिला और लड़की ने आरोप लगाया कि राशन दुकान संचालक केवाईसी करने के नाम पर उनसे पैसे मांग रहा है। भ्रष्टाचार की इस शिकायत पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया और राशन दुकान संचालक को तुरंत पद से हटाने के निर्देश दे दिए। उन्होंने साफ कहा कि सरकारी योजनाओं में किसी भी तरह की वसूली या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में कलेक्टर ने एक एक कर सभी की बात सुनी और कई शिकायतों का निपटारा वहीं मौके पर ही कर दिया। जो मामले बच गए, उनके लिए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई करने को कहा गया है।
