हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ा सिरफिरा प्रेमी, चला हाईवोल्टेज ड्रामा

जबलपुर‌। सिहोरा थाना अंतर्गत ग्राम गंजताल में दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 24 वर्षीय युवक मौत की परवाह किए बिना हाईटेंशन लाइन के टावर पर जा चढ़ा। युवक की मांग थी कि जब तक उसकी प्रेमिका आकर उससे शादी का वादा नहीं करती, वह नीचे नहीं उतरेगा। लगभग 2 घंटे तक चले इस ‘शोले’ स्टाइल ड्रामे ने पुलिस और ग्रामीणों की सांसें अटका दीं।

जानकारी के अनुसार मैहर निवासी 24 वर्षीय युवक का सिहोरा के गंजताल निवासी 22 वर्षीय युवती के साथ पिछले कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन उनके परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। मामला तब बिगड़ गया जब युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। अपनी प्रेमिका को खोने के डर से युवक अचानक गाँव पहुँचा। परिजनों के विरोध और शादी टूटने की खबर से आहत युवक सीधा गाँव के बाहर स्थित हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। करंट की परवाह किए बिना वह ऊंचाई पर जाकर बैठ गया और चिल्लाने लगा। युवक को टावर पर देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची सिहोरा पुलिस ने युवक को नीचे उतारने के लिए काफी मिन्नतें कीं, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। वह बार-बार एक ही बात कह रहा था जब तक मेरी प्रेमिका यहाँ नहीं आती और मुझसे शादी का वादा नहीं करती, मैं नीचे नहीं उतरूंगा।

पुलिस अधिकारियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए युवक को काफी समझाया और उसे सुरक्षा का भरोसा दिलाया। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद युवक का गुस्सा शांत हुआ और वह धीरे-धीरे नीचे उतरा। युवक के नीचे आते ही पुलिस और वहां मौजूद भीड़ ने राहत की सांस ली। इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक टावर की खतरनाक ऊंचाई पर बैठा दिखाई दे रहा है।

Next Post

अनंत अंबानी की बड़ी पहल : केरल के मंदिरों और हाथी कल्याण के लिए ₹18 करोड़ का दान

Tue Apr 7 , 2026
  • दो प्रमुख मंदिरों को ₹6 करोड़ दान दिया • राजराजेश्वरम मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए अलग से ₹12 करोड़ दान देंगे • गुरुवायूर में मंदिर के हाथियों की देखभाल प्रोजेक्ट को समर्थन   *मुंबई, 7 अप्रैल, 2026:* रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने केरल के दो […]

You May Like