शिवपुरी: शिवपुरी शहर में देहात थाना सीमा पुरानी शिवपुरी में स्थित रेड लाइट एरिया का काला सच अब हाईकोर्ट में दाखिल पीआईएल के बाद बाहर आने लगा है। बजरिया मोहल्ले में नाबालिग बच्चियों का यौन शोषण रोकने के लिए ग्वालियर हाई कोर्ट में पीड़िता ने शिवपुरी की एडवोकेट ऋतु शर्मा से जनहित याचिका दाखिल कराई है। इस जनहित याचिका को उच्च न्यायालय ने स्वीकार करते हुए 14 नोटिस जारी किए है। 10 नवंबर को सुनवाई होगी।
शिवपुरी बजरिया मोहल्ले में लगभग 20 साल का नारकीय जीवन यापन करने वाली पीड़िता ने बताया कि जब उसकी उम्र 9 साल थी वह अपने परिवार के साथ मद्रास में रेलवे स्टेशन पर भीख मांगती थी,उस समय उसको वहां से उठाकर शिवपुरी इस रेड लाइट एरिया में लाया गया था। उसके मां बाप कौन है और उसकी पहचान क्या है अब उसको पता नही है।
