
छिंदवाड़ा। शहर में लगातार गहराते पेयजल संकट को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। कन्हरगांव डैम का जलस्तर लगातार घटने से शहर की जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने डैम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जल भंडारण, पंप संचालन और जलापूर्ति की स्थिति का जायजा लिया गया तथा शहरवासियों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। बारिश की कमी के कारण कन्हरगांव डैम में जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में पेयजल संकट की स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसी संभावना को देखते हुए जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों ने संयुक्त रूप से डैम का निरीक्षण कर वैकल्पिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण दल में जल सभापति मनोज कुशवाहा, भाजपा नेता मनोज सक्सेना, नगर पालिक निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय, सहायक अभियंता (एई) विवेक चैहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डैम में उपलब्ध जल भंडारण, मोटर पंपों की कार्यप्रणाली तथा शहर तक पानी पहुंचाने वाली व्यवस्था का विस्तार से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शहर की पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पलटून मोटर के माध्यम से डैम का पानी नहर में छोड़ा गया। इस व्यवस्था का उद्देश्य शहर तक पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचाना है, ताकि जलापूर्ति प्रभावित न हो और नागरिकों को राहत मिल सके।
जलापूर्ति व्यवस्था की करे निगरानी ००००००
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि जलापूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या लापरवाही सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों से कहा गया कि शहर के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
बारिश होने पर जलस्तर सुधार की संभावना ००००००
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि जल संरक्षण और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के माध्यम से शहर की पेयजल व्यवस्था को बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि आगामी दिनों में पर्याप्त वर्षा होती है तो जलस्तर में सुधार आने की संभावना है, लेकिन तब तक जल प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। प्रशासन ने शहरवासियों से भी अपील की है कि पानी का उपयोग आवश्यकता अनुसार ही करें तथा जल संरक्षण में सहयोग दें। अनावश्यक पानी की बर्बादी रोककर ही संभावित संकट की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।
बॉक्स
निरीक्षण के दौरान लिए गए प्रमुख निर्णय
कन्हरगांव डैम का जलस्तर घटने पर नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड में।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने डैम पहुंचकर जल व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण।
जल भंडारण, पंप संचालन एवं जलापूर्ति प्रणाली की समीक्षा।
पलटून मोटर के माध्यम से डैम का पानी नहर में छोड़ा गया।
शहर तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था लागू।
कर्मचारियों को जलापूर्ति पर लगातार निगरानी रखने और लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश।
नागरिकों से पानी का सीमित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की अपील।
