इंदौर: चंदन नगर पुलिस ने नशे के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से 2.164 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है. आरोपी दूसरे जिलों से कम कीमत पर गांजा लाकर शहर में छोटी छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था.पुलिस टीम को गश्त के दौरान जगदीश पुरी मैदान के पास चाय की टपरी के समीप एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया. घेराबंदी कर तलाशी लेने पर उसके पास से गांजा बरामद हुआ. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 43 वर्षीय अनवर पिता राशिद खान निवासी चंदन नगर के रूप में हुई है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत और कर्ज के कारण इस धंधे से जुड़ा. वह बाहर से कम दाम में माल लाकर शहर में अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है. अब उससे मादक पदार्थ की सप्लाई करने वालों और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है. मामले में थाना प्रभारी तिलक कारोले ने बताया कि आरोपी से 2.164 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. उससे पूछताछ में मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और उससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है
