असम चुनाव मतदान से पहले खरगे का हिमंता पर हमला, लगाये भ्रष्टाचार के आरोप

नयी दिल्ली, 07 अप्रैल (वार्ता) असम विधानसभा चुनाव मतदान से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेस वार्ता कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा।

श्री खरगे ने राज्य की जनता से अपील की कि वे अपने वोट के जरिए “सबसे भ्रष्ट सरकार” को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखायें। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम में भ्रष्टाचार बढ़ा है और मुख्यमंत्री केवल अपने निजी हितों को साध रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में “सिंडिकेट राज” चल रहा है, जिसमें जमीन उनके करीबी लोगों और कॉरपोरेट्स को सौंपी जा रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा नेता भ्रष्टाचार के खिलाफ होने का दावा करते हैं, जबकि दूसरी ओर असम में कथित भ्रष्टाचार पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं गौरव गोगोई और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का जिक्र करते हुए कहा कि उनका रिकॉर्ड साफ रहा है और उन्होंने कभी इस तरह के आरोपों का सामना नहीं किया।

श्री खरगे ने असम के गायक जुबिन गर्ग से जुड़े मामले में न्याय में देरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने में देरी हुई और सवाल उठाया कि आखिर मुख्यमंत्री किसे बचाना चाहते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने वादा किया कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो 100 दिनों के भीतर इस मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।

 

 

Next Post

4 साल की लापता बालिका का डैम के पास शव मिला

Tue Apr 7 , 2026
सिंगरौली: पुलिस चौकी जयंत के समीप मुड़वानी डैम के पास आज दो दिनों से लापता एक चार साल बालिका का शव मिलने से सनसनी फैल गई है घटना की जानकारी मिलते ही मृतिका बच्ची के परिजन एवं पुलिस भी पहुंची है साथ ही डॉग स्क्वायड की टीम पहुंच पूरे घटनाक्रम […]

You May Like