सिंगरौली: जिले के चितरंगी विकासखंड अंतर्गत संकुल केंद्र धरौली के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय फुलकेश की स्थिति इन दिनों चिंताजनक बनी हुई है। करीब 15 वर्ष पूर्व निर्मित विद्यालय भवन अब जर्जर होकर खंडहर जैसी स्थिति में पहुंच गया है। भवन में समय के साथ आई दरारों और संरचनात्मक कमजोरियों के कारण यहां अध्ययन कार्य प्रभावित हो रहा है।
विद्यालय के कई कमरों की दीवारों और छत में दरारें स्पष्ट दिखाई देती हैं, वहीं फर्श भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है।
ऐसे में शिक्षण कार्य सीमित कमरों में संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में कक्षा 6वीं से 8वीं तक के 150 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनकी पढ़ाई सीमित संसाधनों के बीच किसी तरह जारी है।अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जर्जर भवन में कक्षाएं संचालित करने पर चिंता जताई है और वैकल्पिक व्यवस्था की आवश्यकता बताई है।
साथ ही, उन्होंने शीघ्र नए विद्यालय भवन के निर्माण की मांग उठाई है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।ग्रामीणों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से विद्यालय की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने तथा नए भवन की स्वीकृति देने की अपेक्षा जताई है, जिससे बच्चों की पढ़ाई निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
