
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 31 अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय हर्रई पूर्व के सामने से गुजरने वाली पीसीसी सड़क इन दिनों स्थानीय लोगों के लिए भारी परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर आसपास की नालियों और पास स्थित तालाब के रिसाव का पानी पूरे वर्ष भरा रहता है, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह समस्या केवल बारिश के दिनों की नहीं है, बल्कि हर महीने सड़क पर पानी जमा रहता है। नालियों की उचित निकासी न होने और तालाब के रिसाव को रोकने के लिए कोई स्थाई व्यवस्था न किए जाने के कारण सड़क की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। पानी भरे रहने से सड़क पर कीचड़, फिसलन और गड्ढों की स्थिति बन गई है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय हर्रई पूर्व के सामने लगातार जलभराव रहने से विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में कठिनाई उठानी पड़ती है। कई बार बच्चे पानी भरी सड़क में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा बन गया है। यहां तक कि यह जल भराव कोई नया नही है, हमेशा इसी तरीके से जल भराव बना रहता है। आम जनता पूरी तरीके से परेशान है। अगर सड़क पर निकल रहे हैं और कोई वाहन गुजरता है तो गंदे पानी के छीटे पड़ते हैं। स्थानीय रहवासियों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार नगर पालिक निगम अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। केवल अस्थाई तौर पर पानी निकाल दिया जाता है, जो कुछ ही समय में फिर भर जाता है। इससे नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां के नागरिकों ने इस ओर निगमा आयुक्त का ध्यान आकर्षित कराया है।
