सीधी : आखिर कब बनेगी गुरुद्वारा-चकदही रोड, यह बड़ा सवाल लोगों के सामने है। नगर पालिका परिषद सीधी के चार पार्षदों की सीमा से गुजरने वाली सडक़ खस्ताहाल के निर्माण के लिये तीन बार टेण्डर हुये लेकिन कोई संविदाकार भाग नही लिया।गौरतलब है कि बाजार क्षेत्र के प्रमुख गुरूद्वारा-चकदही रोड लम्बे अर्से से खस्ताहाल है। उक्त सडक़ के निर्माण के लिये लगातार लापरवाही देखी जा रही है।
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चकदही पुल से अशोक लॉज तक 350 मीटर डामरीकरण सडक़ हेतु करीब 7 लाख की पहली निविदा 17 अप्रैल 2025 को हुई। द्वितीय निविदा 22 मई 2025 को और तृतीय निविदा 23 जून 2025 को हुई। सडक़ डामरीकरण के लिये तीन बार निविदा के बाद भी कोई संविदाकार निविदा में भाग नहीं लिया।
उधर डामरीकरण के लिये उक्त सडक़ के तीन बार टेण्डर में किसी संविदाकार द्वारा भाग नहीं लेने के कारण इस मार्ग निर्माण हेतु 300 मीटर सीसी रोड के लिये 20 लाख की रिवाइज्ड टेण्डर की प्रक्रिया शुरू की गई है। निविदा के लिये तकनीकी स्वीकृत हेतु फाइल संभागीय कार्यालय रीवा से होने के बाद निविदा आमंत्रित किया जायेगा। यह माना जा रहा है कि चौथी बार सीसी रोड निर्माण की टेण्डर प्रक्रिया में संविदाकार भाग लेगे।
इनका कहना है
चकदही रोड निर्माण के लिये मेरे द्वारा कई बार प्रस्ताव रखा गया। अशोक लॉज से लेकर चकदही मार्ग तक सडक़ निर्माण के लिये यह प्रस्ताव रखा गया। विडम्बना यह है कि मेरे प्रस्ताव की नगर पालिका में लगातार उपेक्षा हो रही है।हल्के सोनी, पार्षद वार्ड क्रमांक 6 नपा सीधी मेरे पुराने प्रस्ताव पर ही अभी कार्य नहीं हुये हैं। इस वजह से चकदही रोड निर्माण के लिये प्रस्ताव अभी तक नहीं रखा गया है। अब अगली बैठक में चकदही रोड निर्माण के लिये प्रस्ताव प्राथमिकता से रखा जायेगा। मेरे प्रयासोंं से ही चकदही पुल में रेलिंग का कार्य किया गया था।
पूनम सोनी, पार्षद वार्ड क्रमांक 18 नपा सीधी
अशोक लॉज से लेकर चकदही रोड तक सडक़ निर्माण के लिये मेरे द्वारा तीन बार प्रस्ताव रखा गया। नगर पालिका परिषद से प्रस्ताव स्वीकृत भी है। पहले टेण्डर डामरीकरण का था और अब सीसी सडक़ का निर्माण होना है। काम क्यों नहीं हो रहा है नगर पालिका ही वास्तविक जानकारी दे सकती है।
आनंद परियानी, पार्षद वार्ड क्रमांक 5 नपा सीधी
इस सडक़ के निर्माण हेतु परिषद की बैठक में कई बार चर्चा होने के बाद प्रस्ताव स्वीकृत हुआ। उसके बाद निविदा प्रक्रिया हुई लेकिन संविदाकारों द्वारा निविदा में भाग नही लेने के कारण कार्य नही शुरु हुआ। पुन: निविदा के बाद ही कार्य शुरु होने की संभावना है।
सोनम रत्नीश सोनी, पार्षद वार्ड क्रमांक 17 नपा सीधी
