सतना : शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया. महोत्सव में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से आए लगभग 36 प्रतिभागियों ने अलग-अलग विधाओं में हिस्सा लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और बौद्धिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया.
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. गुप्ता द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया.इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, कलात्मक अभिरुचि और बौद्धिक क्षमता को निखारने का सशक्त मंच हैं.ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सांस्कृतिक चेतना का विकास होता है.
महोत्सव के अंतर्गत क्ले मॉडलिंग, स्थल चित्रण, रंगोली, कार्टूनिंग और प्रश्न मंच जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. कला आधारित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से अपनी सृजनशीलता को उकेरा वहीं प्रश्न मंच प्रतियोगिता में अपने सामान्य ज्ञान और त्वरित बुद्धि का परिचय दिया.
प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए शहर की प्रतिष्ठित कलाकार उषा अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, मनीषा सक्सेना एवं अनामिका सिंह निर्णायक के रूप में उपस्थित रहीं. निर्णायक मंडल ने सभी कृतियों व प्रस्तुतियों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया. प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं की सूची संयोजक महाविद्यालय शासकीय कन्या महाविद्यालय को भेज दी गई है.
वही कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. सुनीता गुप्ता ने किया. आयोजन को सफल बनाने में डॉ. गौहर खान, डॉ. सरोज साहू, डॉ. दीपशिखा तिवारी एवं डॉ. प्रतिमा शुक्ला का विशेष योगदान रहा.
इनका कहना
क्ले मॉडलिंग एक ऐसी विधा है जिसमें आपको अपनी कल्पना को कम समय में आकार देना होता है. जिला स्तरीय युवा महोत्सव ने हमें अपनी रचनात्मकता दिखाने का बेहतरीन मंच दिया है. यहां आकर दूसरे कॉलेजों के छात्रों की कलाकृतियां देखने को मिलीं जो काफी सीखने वाला अनुभव रहा.
नुबीक़ा सिंह
क्ले मॉडलिंग प्रतिभागी
मैंने आज स्थल चित्रण (या रंगोली) प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. जिले के अलग-अलग कॉलेजों से आए प्रतिभागियों के बीच काफी कड़ा मुकाबला देखने को मिला. निर्णायक मंडल द्वारा हमारी कला की बारीकियों को परखा गया.जिससे हमें आगे और बेहतर करने की प्रेरणा मिली.
वैष्णवी द्विवेदी
रंगोली प्रतिभागी
मैंने कार्टूनिंग प्रतियोगिता में भाग लिया है. युवा महोत्सव जैसे आयोजनों का सबसे बड़ा फायदा यह है कि हमें किताबों से हटकर अपनी सोच और कला को प्रदर्शित करने का मौका मिलता है. अपनी कृति प्रस्तुत करना हमारे लिए काफ़ी अलग अनुभव है.
अंशिका त्रिपाठी
कार्टूनिंग के प्रतिभागी
क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा. मिट्टी से किसी विचार या भावना को जीवंत आकृति में ढालना बहुत धैर्य और एकाग्रता का काम है. जिला स्तरीय युवा महोत्सव में हमें अपनी कला दिखाने का शानदार अवसर मिला. जिले के अन्य महाविद्यालयों के प्रतिभागियों का काम देखकर भी बहुत कुछ नया सीखने को मिला. जो आगे राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी में काफी मददगार साबित होगा.
सरस्वती विश्वकर्मा
क्ले मॉडलिंग प्रतिभागी
जिला स्तरीय युवा महोत्सव के अंतर्गत आज विभिन्न महाविद्यालयों के करीब 36 प्रतिभागियों ने क्ले मॉडलिंग, स्थल चित्रण, रंगोली, कार्टूनिंग और प्रश्न मंच में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए शहर की प्रतिष्ठित कला हस्तियां निर्णायक के रूप में मौजूद रहीं. प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विजेताओं की सूची संयोजक महाविद्यालय को प्रेषित कर दी गई है.मैं सभी प्राध्यापकों और प्रतिभागियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करती.
डॉ. कविता परवंदा
युवा उत्सव संयोजक
