शहर में शराब की ओवररेटिंग बेकाबू, बंद शटर के नीचे से रातभर बिक रही शराब

सतना : शहर में शराब दुकानों पर सरकारी नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. शहर के प्रमुख इलाकों रीवा रोड (सर्किट हाउस के पास), बिरला रोड, स्टेशन रोड और सिविल लाइन कोठी मोड़ की दुकानों पर प्रिंट रेट से अधिक दाम वसूलने और निर्धारित समय के बाद भी अवैध रूप से शराब बेचने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. जिला मुख्यालय की नाक के नीचे चल रहे इस खेल ने आबकारी विभाग की निगरानी और कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है.

रेट लिस्ट गायब, बिल मांगने पर इनकार

उपभोक्ताओं का आरोप है कि शहर की अधिकांश दुकानों पर शासन के निर्देशानुसार रेट लिस्ट चस्पा नहीं की गई है.इसी का फायदा उठाकर सेल्समैन अंकित मूल्य से अतिरिक्त राशि वसूल रहे हैं. जब ग्राहक ओवररेटिंग का विरोध करते हैं या पक्का बिल मांगते हैं तो उन्हें शराब देने से मना कर दिया जाता है.

रात के अंधेरे में छेद से चलता है कारोबार

नियमों के उल्लंघन का आलम यह है कि रात में दुकान बंद होने का समय पूरा होने के बाद भी बिक्री नहीं रुकती. स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुकानों के मुख्य शटर तो गिरा दिए जाते हैं लेकिन शटर के निचले हिस्से में बने विशेष छेद (खिड़की) के जरिए देर रात तक शराब की सप्लाई जारी रहती है.

मिल रही शिकायतों के बावजूद आबकारी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है. वहीं सवाल है कि क्या विभाग के मैदानी अमले को इस खुलेआम चल रही ओवररेटिंग और अवैध बिक्री की भनक नहीं है या फिर पूरा निरीक्षण अभियान केवल कागजी खानापूर्ति तक ही सीमित रह गया है?

इनका कहना

हमारी ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है. अगर इस तरह की जानकारी सामने आयी है तो दुकानों पर जो भी वैधानिक कार्रवाई है की जाएगी.

आशीष वटिया
आबकारी अधिकारी

Next Post

ट्रांसफार्मर बदलने रिश्वत मांगने का आरोप

Fri Nov 20 , 2026
सतना : ट्रांसफार्मर को जले हुए महीने भर का समय बीत गया और इस दौरान 1912 में शिकायतें भी हो गईं लेकिन इसके बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हुई. इतना ही नहीं बल्कि ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि विद्युत अमले द्वारा इस कार्य के लिए 2-3 हजार की […]

You May Like