इंदौर: शहर में चोरी नकबजनी की वारदातों में शामिल एक अंतरराज्यीय गैंग के सदस्य को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार किया है. आरोपी लंबे समय से फरार था और कई राज्यों में उसके खिलाफ दर्जनों अपराध दर्ज हैं.डीसीपी जोन 2 कुमार प्रतीक ने बताया कि कनाड़िया पुलिस ने अंतरराज्यीय गैंग सतपाल फौजी के सदस्य परमिंदर सिंह निवासी भिवानी (हरियाणा) को गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. आरोपी इंदौर के कनाड़िया थाने में दर्ज चार चोरी और नकबजनी के मामलों में करीब आठ महीने से फरार चल रहा था. डीसीपी के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में ठिकाने बदल रहा था और उसने इस दौरान मोबाइल का इस्तेमाल भी बंद कर दिया था.
मुखबिर की सूचना के बाद पहुंची थी टीम
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी सहर्ष यादव के नेतृत्व में टीम हरियाणा रवाना हुई. टीम ने मानेसर में तीन दिन तक रुककर ड्रोन कैमरे की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और सटीक लोकेशन मिलने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी से चोरी के मामलों में इस्तेमाल बिना नंबर की आई 10 नियोस कार और सोने चांदी के जेवर बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई जा रही है. आरोपी पर अन्य राज्यों में भी चोरी, नकबजनी और लूट के दर्जनों मामले दर्ज हैं. फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
