
नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत पौराणिक रामझर महादेव मंदिर में वर्षों से तपस्या कर रहे संत कन्हैयालाल महाराज सोमवार को लापता हो गए। घटना की जानकारी तब मिली जब सेवादार रोजाना की तरह उन्हें दूध देने कुटिया पहुंचे।
काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने कुटिया का दरवाजा तोड़ा, लेकिन संत वहां मौजूद नहीं थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अंदर से बंद मिली कुटिया
ग्रामीणों ने बताया कि कुटिया का दरवाजा अंदर से बंद था और वहां से बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता या खिडक़ी भी नहीं है। कुटिया के भीतर संत का मोबाइल, खड़ाऊ, वस्त्र, झोला और सहारा लेकर चलने वाली लकड़ी यथावत पाई गई।
इन महत्वपूर्ण वस्तुओं को छोडक़र संत के लापता होने से क्षेत्र में रहस्य गहरा गया है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और चिताखेड़ा चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
जीरन थाना प्रभारी उमेश यादव ने बताया
पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों द्वारा दरवाजा तोड़ा जा चुका था। फिलहाल पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और हर संभावित एंगल से संत की तलाश शुरू कर दी गई है।
