राहगीरों से मोबाइल लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 2 झपटमार गिरफ्तार

सीधी। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के प्रभावी नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस ने मोबाइल झपटमारी करने वाले एक सक्रिय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस के अनुसार बीते दिनों थाना कोतवाली अंतर्गत क्षेत्र में अज्ञात बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक राहगीर का मोबाइल जबरन छीनकर भागने की घटना घटित हुई थी। शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। मोबाइल झपटमारी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया था।

 

-सीसीटीव्ही फूटेज ​, मुखबिर तंत्र और घेराबंदी से सफलता-

 

​थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की तकनीकी मदद से संदिग्धों को चिन्हित किया। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदेहियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विष्णु उर्फ रितेश गुप्ता पिता पवन गुप्ता 21 वर्ष निवासी बंजारी थाना जमोड़ी, ​अतुल सिंह चौहान पिता शंकर सिंह चौहान 21 वर्ष निवासी सुकवारी थाना जमोड़ी शामिल हैं। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल झपटमारी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।​पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 04 नग मोबाइल फोन विभिन्न कंपनियों के अनुमानित कीमत 46 हजार रुपये,

​02 मोटरसाइकिलों में घटना में प्रयुक्त एक हीरो स्प्लेंडर प्लस और एक होंडा शाइन अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार शामिल हैं। जब्त ​कुल मशरुका लगभग 1 लाख 96 हजार रुपये का है।

 

​2 फरार आरोपियों की तलाश जारी-

 

​पूंछताछ के दौरान गिरोह में शामिल दो अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस की विशेष टीमें उनकी गिरफ्तारी हेतु संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय, उप निरीक्षक विवेक द्विवेदी, प्रधान आरक्षक आनंद शर्मा, आरक्षक राजकुमार मिश्रा, प्रखर पांडेय, अनुराग यादव , शिवेंद्र मिश्रा की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

Next Post

रानी तालाब पार्क में सास-बहू से लूट, बदमाशों ने गले से तोड़ लिया सोने का मंगलसूत्र और हार

Mon Apr 6 , 2026
रीवा। शहर के सिटी कोतवाली थाना अन्तर्गत रविवार को रानी तालाब पार्क में घूमने गई सास बहू के साथ बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया है. बदमाशों ने सास और बहू दोनों के गले से झपट्टा मारकर सोने के 4 नग मंगलसूत्र और हार तोड़ लिये. पीडि़तों […]

You May Like