शिवपुरी: जिले के नरवर थाना क्षेत्र के मगरौनी कस्बे में दंगल के दौरान विवाद के बाद दो पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। बीसीसी ग्राउंड में मेले के दौरान हुई इस घटना के बाद दोनों पक्ष मगरौनी पुलिस चौकी पहुंचे, जहां उनके बीच फिर से झड़प हो गई।पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और दोनों पक्षों की शिकायत पर 15 लोगों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है।
मारपीट में घायल लोगों का इलाज नरवर स्वास्थ्य केंद्र में किया गया है, जबकि एक गंभीर घायल को शिवपुरी रेफर किया गया है। मगरौनी के बीसीसी ग्राउंड में लगे मेले के दंगल में कुश्ती को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद गाली-गलौज और लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं। मारपीट के बाद दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने मगरौनी चौकी पहुंचे। यहां भी उनके बीच कहासुनी और झड़प हो गई।
