
बरगवां। शनिवार की शाम करीब 6:30 बजे से बरगवां क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण रेलवे स्टेशन पूरी तरह अंधेरे में डूब गया। करीब 4 घंटे तक चले इस ब्लैकआउट ने यात्रियों की परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया। स्टेशन परिसर से लेकर आसपास के इलाके तक कहीं भी पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण चारों तरफ घना अंधेरा पसरा रहा।
बिजली गुल होने के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासतौर पर ओवरब्रिज से प्लेटफॉर्म पार करने वाले मुसाफिरों के लिए स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो गई। अंधेरे के चलते कई यात्री ठोकर खाकर गिरते-गिरते बचे, वहीं महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थान पर सौर ऊर्जा या वैकल्पिक बिजली व्यवस्था का न होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। यदि सोलर लाइट या जनरेटर की व्यवस्था होती तो इस तरह की स्थिति में यात्रियों को राहत मिल सकती थी। स्टेशन के आसपास एक भी स्ट्रीट लाइट चालू नहीं थी, जिससे पूरे इलाके में असुरक्षा का माहौल बन गया। इसी दौरान धनबाद से भोपाल जाने वाली ट्रेन के आने का समय भी था, जिससे प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई।
