सतना: गांजा, शराब और कोडीन युक्त कफ सिरप का अवैध कारोबार करने वाले जस्सा गैंग का मुख्य सरगना विपिन जायसवाल उर्फ पिंटॅ तीसरी रेड में पुलिस के हत्थे चढ़ा है। इसके पहले दो दफा पुलिस दबिश देकर लौट चुकी थी। पकड़ में आने के बाद उसके कब्जे से उचेहरा थाना पुलिस ने तीन लग्जरी गाडिय़ां, एक ट्रैक्टर जब्त किया है। यह चारों वाहन नशीले पदार्थों का परिवहन करने में उपयोग किए जाते थे। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत चौहान, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के निर्देशन पर उचेहरा थाना पुलिस की यह सक्रिय कार्यवाही एएसपी प्रेमलाल कुर्वे, एसडीओपी रघु केशरी के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी उचेहरा निरीक्षक सतीश मिश्रा की टीम ने की है।
केस- 1
उचेहरा थाना पुलिस ने 16 जनवरी को ग्राम मडफ़ई में चौरसिया बाई साकेत के घर से 120 पेटी ऑनरेक्स कफ सिरप जब्त कर आरोपी मनीष यादव निवासी भुरुहुरा, शैलेन्द्र उर्फ टिंकू गुप्ता निवासी भुरुहुरा, चौरसिया बाई साकेत निवासी मडफ़ई, सोनेन्द्र उर्फ बड़े भईया उर्फ सोनेलाल एवं दानेन्द्र उर्फ पंकज सिंह दोनों निवासी महराजपुर थाना उचेहरा को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया था। घटना का मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ विपिन जायसवाल पिता अमृतलाल जायसवाल (40) निवासी पोंड़ी तब से फरार था।
केस- 2
इसी तरह दूसरी दबिश 17 जनवरी को ग्राम सखौहा खुर्द में देते हुए रामाधार चौधरी के घर से 15 प्लास्टिक की बोरियों में 400 किलोग्राम गांजा जब्त कर आरोपी रामाधार चौधरी पिता बाबूलाल चौधरी निवासी सखौहा खुर्द को गिरफ्तार किया गया था। इसी मामले में आरोपी सोनेन्द्र उर्फ बड़े भईया उर्फ सोनेलाल एवं दानेन्द्र उर्फ पंकज सिंह दोनों निवासी महराजपुर को 28 जनवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया था। इस प्रकरण में भी मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ विपिन जायसवाल की तलाश चल रही थी।
इन वाहनों की हुई जब्ती
मादक पदार्थों के परिवहन में उपयोग किए जाने वाले वाहन सेल्टास कार एमपी 19 सीडी 0842, स्वीफ्ट कार यूपी 95 एम 8390, एक्सयूवी कार एमपी 19 सीए 8395, एक आईसर ट्रेक्टर जब्त किया गया है। सभी जब्त वाहनों की कीमत 40,50,000 रुपए बताई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पिंटू के खिलाफ पूर्व से सतना और मैहर जिला के थाना नागौद, अमदरा, उचेहरा में एनडीपीएस एक्ट, ड्रग कन्ट्रोल अधिनियम व आम्र्स एक्ट के तहत 21 अपराध पंजीबद्ध हैं।
