इंदौर: वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए घरेलू गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंदौर के नागरिकों से पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) अपनाने की अपील की गई है.जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने जानकारी दी कि शहर के अधिकांश क्षेत्रों में पीएनजी गैस पाइपलाइन का विस्तार किया जा चुका है. उन्होंने बताया कि जिन सोसायटियों एवं कॉलोनियों में पीएनजी सुविधा उपलब्ध है (गैसीफाइड एरिया), वहां के सभी रहवासियों से आग्रह किया गया है कि वे जल्द से जल्द एलपीजी गैस से पीएनजी में स्थानांतरित हो जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके. जिला आपूर्ति नियंत्रक ने यह भी बताया कि शासन के निर्देशानुसार गैसीफाइड क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को 90 दिनों के भीतर अपने घरेलू एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना अनिवार्य होगा. इस अवधि में नागरिक अवंतिका गैस लिमिटेड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर पीएनजी कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं.
पीएनजी उपयोग में भी इंदौर बनेगा अग्रणी
उन्होंने कहा कि इंदौर स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अग्रणी रहा है और अब पीएनजी उपयोग के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश में अग्रणी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. वर्तमान में शहर में लगभग एक लाख पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध हैं और करीब 70 प्रतिशत क्षेत्र पीएनजी पाइपलाइन से आच्छादित हो चुका है.
पीएनजी गैस के प्रमुख लाभ
– पर्यावरण के अनुकूल एवं प्राकृतिक गैस
– बुकिंग या सिलेंडर रखने-उठाने की आवश्यकता नहीं
– एलपीजी की तुलना में किफायती, उपयोग के अनुसार बिलिंग
24&7 निरंतर आपूर्ति
अधिक सुरक्षितः पाइपलाइन से सप्लाई, स्टोरेज की आवश्यकता नहीं, लीक होने पर गैस हवा में फैल जाती है, साथ ही सुरक्षा के लिए तीन वाल्व की व्यवस्था
कनेक्शन प्राप्त करने की प्रक्रियाः
इच्छुक नागरिक अवंतिका गैस लिमिटेड की वेबसाइट, क्यूआर कोड या मोबाइल नंबर 7509275091, 9575008679 तथा 9201329781 पर संपर्क कर पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं.
