पीठ की चोट के आख़िरी स्कैन के लिए ऑस्ट्रेलिया लौटे कमिंस

नयी दिल्ली, 04 अप्रैल (वार्ता) सनराइज़र्स हैदराबाद (एसआरएच) के नियमित कप्तान पैट कमिंस अपनी पीठ की चोट के अंतिम स्कैन के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए हैं। पिछले साल जुलाई से ही मैदान से दूर चल रहे कमिंस इस बीच केवल एक एशेज टेस्ट खेल पाए थे। अब आईपीएल 2026 के बीच में ही वह अपनी इंजरी का अपडेट लेने के लिए टीम कैंप छोड़कर ऑस्ट्रेलिया रवाना हो गए हैं। ईएसपीएन क्रिकइंफो की जानकारी के अनुसार, यह स्कैन पहले से ही तय था और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) की देखरेख में किया जाएगा। गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के ख़िलाफ मैच खत्म होने के बाद कमिंस भारत से रवाना हुए। अगर रिपोर्ट सही आती है और बोर्ड से मंज़ूरी मिलती है, तो उनके 17 अप्रैल तक वापस टीम से जुड़ने की संभावना है।

यह पूरी कवायद टीम की पुरानी योजना का हिस्सा है। कमिंस ने आईपीएल शुरू होने से पहले ही साफ़ कर दिया था कि, “अगर स्थिति अनुकूल रही, तो मैं टूर्नामेंट के दूसरे हाफ और नॉकआउट मुक़ाबलों (यदि एसआरएच पहुंचती है) में खेलता नज़र आऊंगा।” वह टूर्नामेंट के आगाज से ही टीम के साथ थे और नेट सत्र में गेंदबाज़ी का अभ्यास भी कर रहे थे। हैदराबाद ने अपना पहला मैच 28 मार्च को बेंगलुरु में आरसीबी के ख़िलाफ़ खेला था। कमिंस की ग़ैर-मौजूदगी में इशान किशन ही टीम की कमान संभालना जारी रखेंगे। उन्हें कप्तान तब नियुक्त किया गया था, जब यह साफ़ हो गया था कि पैट शुरुआती मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

कमिंस आख़िरी बार पिछले साल दिसंबर में तीसरे एशेज टेस्ट में एक्शन में दिखे थे। जुलाई में पहली बार उनकी पीठ में तकलीफ शुरू हुई थी। हालांकि, उन्होंने इस साल टी20 विश्व कप खेलने की उम्मीद जताई थी, लेकिन रिकवरी के दौरान एक “मामूली झटके” की वजह से उन्हें बाहर बैठना पड़ा। भारत आने से कुछ दिन पहले कमिंस ने बिज़नेस ऑफ़ स्पोर्ट्स पॉडकास्ट पर अपनी चोट को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था, “मैं अभी भी पीठ की समस्या से उबर रहा हूं, लेकिन अब स्थिति बेहतर है। मैंने नेट्स पर गेंदबाज़ी शुरू कर दी है। आईपीएल नज़दीक है और मैं शुरुआत में तो नहीं खेल पाऊंगा, लेकिन जल्द ही मैदान पर वापसी करूंगा।” पैट ने आगे बताया था, “फ़िलहाल मैं हर तीसरे दिन गेंदबाज़ी कर रहा हूं। हमारी कोशिश यही है कि टूर्नामेंट के बीच तक मैं मैच खेलने के लिए पूरी तरह फ़िट हो जाऊं।” कमिंस के न होने पर हैदराबाद ने अब तक विदेशी तेज़ गेंदबाज़ के तौर पर इशान मलिंगा और डेविड पेन को आज़माया है। टीम का अगला मुक़ाबला रविवार दोपहर को हैदराबाद में लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध होगा।

Next Post

चैन सिंह और अंजुम मौदगिल आईएसएसएफ विश्व कप में करेंगे भारतीय निशानेबाजी टीम की अगुवाई

Sat Apr 4 , 2026
ग्रेनाडा (स्पेन) 04 अप्रैल (वार्ता) ओलंपियन चैन सिंह और अंजुम मौदगिल रविवार से स्पेन के ग्रेनाडा में शुरु होने वाले आईएसएसएफ विश्वकप में 18 सदस्यीय भारतीय निशानेबाजी टीम की अगुवाई करेंगे। कल से शुरु होने वाले इस टूर्नामेंट में राइफल और पिस्टल वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में काफी […]

You May Like