ग्रेनाडा (स्पेन) 04 अप्रैल (वार्ता) ओलंपियन चैन सिंह और अंजुम मौदगिल रविवार से स्पेन के ग्रेनाडा में शुरु होने वाले आईएसएसएफ विश्वकप में 18 सदस्यीय भारतीय निशानेबाजी टीम की अगुवाई करेंगे। कल से शुरु होने वाले इस टूर्नामेंट में राइफल और पिस्टल वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में काफी अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं, लेकिन इसमें पेरिस 2024 के मेडलिस्ट मनु भाकर, सरबजोत सिंह और स्वप्निल कुसाले, पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल और एशियन गेम्स के मेडलिस्ट ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर भी इस टीम में शामिल नहीं हैं। रियो 2016 के ओलंपियन चैन सिंह, पूर्व एशियन चैंपियन अखिल श्योराण के साथ मिलकर पुरुषों की 50मी राइफल थ्री पोज़िशन्स स्पर्धा में, दो बार की ओलंपियन और सात आईएसएसएफ विश्व कप पदक जीतने वाली अंजुम मौदगिल, महिलाओं की 50मी राइफल थ्री पोज़िशन्स स्पर्धा में भारत की चुनौती की अगुवाई करेंगी।
मौजूदा एशियन गेम्स चैंपियन पलक गुलिया, महिलाओं की 10मी एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत की चुनौती की अगुवाई करेंगी, जबकि रिदम सांगवान 10मी एयर पिस्टल और 25मी पिस्टल, दोनों ही स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी। पूर्व एशियन चैंपियन मेहुली घोष, महिलाओं की 10मी एयर राइफल स्पर्धा में और 50मी राइफल थ्री पोज़िशन्स स्पर्धा में भी हिस्सा लेंगी। अपना पहला आईएसएसएफ वर्ल्ड कप मेडल जीतने की तलाश में जुटे नेशनल चैंपियन किरण अंकुश जाधव, 10मी एयर राइफल स्पर्धा में टीम की अगुवाई करेंगे। वरुण तोमर 10मी एयर पिस्टल स्पर्धा में हिस्सा लेंगे, जबकि विजयवीर सिद्धू 25मी रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

