भाजपा सरकार के ‘चाल-चरित्र’ का ध्वजवाहक बना देवरिया: अखिलेश

देवरिया, 4 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने शनिवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देवरिया जिला इन दिनों सरकार के “चाल-चरित्र” का प्रतीक बन गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में सत्ता संरक्षण के तहत लूट और अनियमितताओं को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होने कहा, “सरकार का जीरो टॉलरेंस अपनों के मामले में शून्य हो जाता है।”

कांग्रेस प्रवक्ता ने हाल ही में सामने आए एक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि देवरिया में फर्जी कंपनी बनाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है, जिसमें करीब 60 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की बात सामने आई है और एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक किया जाए और जांच की प्रगति की जानकारी नियमित रूप से मीडिया को दी जाए। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि इस प्रकरण में किन लोगों की संलिप्तता है और क्या संबंधित आरोपियों पर गैंगस्टर या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं।

अखिलेश प्रताप सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि इस मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आशंका जताई कि न तो मामले में पूरी कार्रवाई होगी और न ही संरक्षण देने वालों का खुलासा हो पाएगा।

 

Next Post

भाजपा सरकार की अदूरदर्शिता के कारण जोधपुर में मल्टी-लेवल पार्किंग अधर में लटकी : गहलोत

Sat Apr 4 , 2026
जयपुर 04 अप्रैल (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि जोधपुर की नई सड़क पर जिस मल्टी-लेवल पार्किंग का काम सालों पहले पूरा हो जाना चाहिए था, वह आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की अदूरदर्शिता के कारण अधर में लटका है। श्री गहलोत ने अपनी […]

You May Like