ईरानी अधिकारी की चेतावनी, अमेरिका-इज़रायल के ठिकानों पर हमलों में आएगी तेज़ी

तेहरान, 02 अप्रैल (वार्ता) ईरान के एक वरिष्ठ सुरक्षा एवं राजनीतिक अधिकारी ने अमेरिका और इज़रायल के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को और तेज करने की चेतावनी देते हुए कहा है कि ईरान अपने मिसाइल और ड्रोन हमलों की तीव्रता तथा आवृत्ति दोनों में क्रमिक वृद्धि करेगा।

अधिकारी ने लेबनान के अल-मयादीन टीवी से बातचीत में कहा कि यह रणनीति “संतुलित प्रतिक्रिया” का हिस्सा है, जिसके तहत हमलों को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईरान से दागी जाने वाली मिसाइलों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ेगी और क्षेत्र में तथाकथित “रेजिस्टेंस एक्सिस” की गतिविधियां भी कई मोर्चों पर एक साथ तेज की जाएंगी।

अधिकारी ने कहा कि ईरानी बल दुश्मन के रडार सिस्टम और हवाई ढांचे को निशाना बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, ताकि अमेरिका-इज़रायल की रक्षा क्षमताओं को कमजोर किया जा सके और इसके बाद आक्रामक कार्रवाई को और तेज किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सैन्य ठिकानों पर हमले “बिना रुके” जारी रहेंगे, जब तक कि प्रतिरोध क्षमता स्थापित नहीं हो जाती। उन्होंने इसे एक दीर्घकालिक रणनीति बताते हुए कहा कि ईरान अपने विरोधियों के खिलाफ लंबी क्षरण युद्ध के लिए तैयार है।

अधिकारी ने दावा किया कि ईरान के पास अब अत्याधुनिक हथियारों का भंडार है, जो उसके विरोधियों को चौंकाने में सक्षम है, और यह क्षमता पिछले वर्ष इज़रायल के साथ हुए 12 दिन के संघर्ष से मिले अनुभवों के आधार पर विकसित की गयी है।

साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि ईरानी बुनियादी ढांचे पर किसी भी नए हमले का “कड़ा और अप्रत्याशित जवाब” दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तेहरान वॉशिंगटन और तेल अवीव के साथ लंबे संघर्ष को झेलने में सक्षम है।

ईरान 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष के बाद से लगभग रोजाना इज़रायल और खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है।

इसके अतिरिक्त, ईरानी सेना ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य को अवरुद्ध कर दिया है, जिससे इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर वाणिज्यिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं और अमेरिका तथा उसके सहयोगियों से जुड़े जहाजों की आवाजाही पर गंभीर असर पड़ा है। इसके चलते वैश्विक अर्थव्यवस्था, विशेषकर ऊर्जा क्षेत्र और समुद्री व्यापार पर व्यापक प्रभाव देखने को मिल रहा है।

 

 

Next Post

भाजपा में मीडिया टीम का विस्तार: सह मीडिया प्रभारी, प्रवक्ता व पैनलिस्टों की नई सूची जारी

Thu Apr 2 , 2026
  भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति से पार्टी की मीडिया टीम का विस्तार करते हुए प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, प्रदेश प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट एवं सदस्यगणों की नई सूची जारी कर दी गई है। जारी सूची के अनुसार संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी […]

You May Like