
छतरपुर। गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर छतरपुर की पावन धरा एक ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनी। शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जानराय टोरिया में पिछले 10 दिनों से चल रहे भक्ति के महाकुंभ का चरमोत्कर्ष आज उस समय देखने को मिला, जब 51 फीट ऊंची अष्टधातु से निर्मित भगवान हनुमान की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया।
मंत्रोच्चार के बीच हुआ अनावरण
शास्त्रों के अनुसार तय किए गए शुभ मुहूर्त में सुबह ठीक 11:45 बजे सबसे पहले पंचमुखी हनुमान जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके तुरंत बाद गगनभेदी जयकारों और शंखनाद के बीच अष्टधातु की विशालकाय 51 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण हुआ। प्रतिमा की भव्यता और दिव्यता ने वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। महाआरती के समय पूरा आकाश ‘जय बजरंगबली’ के नारों से गुंजायमान हो उठा।
दिग्गज संतों की गरिमामयी उपस्थिति
इस दिव्य आयोजन की पवित्रता को बढ़ाने के लिए देशभर के प्रख्यात संत छतरपुर पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जगतगुरु श्री रामस्वरूपाचार्य महाराज, जानराय टोरिया के महंत भगवानदास श्रृंगारी, पीताम्बरा पीठ के पुजारी पंडित बृजेश महाराज, महामंडलेश्वर सुरेंद्र दास, चोपरिया सरकार महंत रामेश्वर दास, महंत रामचरन दास एवं महंत शीतल दास सहित अनेक महात्माओं ने अपनी उपस्थिति से भक्तों को कृतार्थ किया।
विशाल भंडारे के साथ 10 दिवसीय अनुष्ठान संपन्न
विगत 24 मार्च से शुरू हुए इस महोत्सव में प्रतिदिन प्रख्यात कथावाचकों द्वारा श्रीराम कथा और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। आज समापन के अवसर पर एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देर रात तक लाखों श्रद्धालुओं के प्रसादी ग्रहण करने की संभावना है। आयोजन स्थल पर उमड़ी भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
