इंदौर: पंजाब नेशनल बैंक से करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राम पाटीदार और उसके सहयोगियों के खिलाफ विशेष न्यायालय (पीएमएलए) इंदौर में अभियोजन शिकायत पेश की है. कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर दिए हैं.ईडी की अधिकृत जानकारी के अनुसार मामला सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर सामने आया था, जिसमें बैंक को धोखा देकर आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए थे.
जांच में खुलासा हुआ कि राम पाटीदार ने एम/एस नर्मदा शीत गृह के नाम पर कोल्ड स्टोरेज निर्माण के लिए 3.50 करोड़ रुपए का टर्म लोन लिया था. हालांकि, लोन राशि का उपयोग निर्माण कार्य में करने के बजाय उसे विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिया. यह रकम पाटीदार के नियंत्रण वाले खातों के साथ ही परमआनंद पाटीदार, महेंद्र पाटीदार, मिथुन डावर सहित अन्य सहयोगियों के खातों में डायवर्ट की गई. इस तरह आरोपियों ने बैंक को करीब 3.36 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाया. ईडी ने इससे पहले मामले में लगभग 4 करोड़ रुपए मूल्य की अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की थीं. जांच एजेंसी अब पूरे वित्तीय लेन देन और अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
