नीरज कुमार मिश्रा
भोपाल:ट्रैफिक पुलिस के सख्त रवैए से बोर्ड आफिस चौराहे पर बिगड़ी यातायात व्यवस्था में सुधार दिख रहा है. प्रगति चौराहे की तरफ जाने वाले बोर्ड आफिस चौराहे के प्वाइंट पर सवारी आटो और ई रिक्शा चालकों पर की गई सख्ती से वाहन अब सड़क पर गाइडलाइन के अनुसार खड़े किए जा रहे हैं. इससे सड़क पर होने वाले जाम की समस्या से राहगीरों को निजात मिल रहा है.
ट्रैफिक पुलिस के उच्च अधिकारियों की सख्त निगरानी से शहर भर के चौराहों पर आटो और ई रिक्शा चालकों को यातायात नियम का पालन कराया जा रहा है, जिससे आवागमन करने वाले राहगीरों को सुविधा का लाभ संभव हो पा रहा है.
बोर्ड आफिस चौराहे के इस प्वाइंट पर इससे पूर्व जहां टर्निंग प्वाइंट और चौड़ी सड़क के आधे से ज्यादा हिस्से पर ही ई रिक्शा और आटो चालकों का कब्जा बना होता था, वहां इन दिनों चालक अपने वाहनों को गाइड़लाइन के अनुरूप ही खड़ा कर रहे हैं. इस प्वाइंट पर खड़ी होने वाली लाल बसें भी निश्चित स्थान पर खड़ी हो रही हैं. इससे जाम की समस्या से भी अन्य राहगीरों को निजात मिल रहा है.ट्रैफिक पुलिस के यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने से बोर्ड़ आफिस चौराहे पर इससे पहले जहां 10 से 15 सवारी आटो हमेशा खड़े होते थे, वहां पर अब बहुत कम ही सवारी आटो दिख रहे हैं, जबकि ई रिक्शा चालकों की संख्या लगभग वही दिखती है.
विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चौराहे के टर्निंग प्वाइंट पर शाम के समय ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के खड़े होने से यह स्थान पर अब पूरा खाली होता है. इससे भारी और हल्के वाहन चालकों को टर्न पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. अब रास्ता क्लियर होने से यहां जाम की समस्या भी नहीं हो रही है. इसके साथ ही शहर के अन्य चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल और सीसीटीवी कमैरो का व्यवस्थित किया जा रहा है, जिससे तेज धूप में वाहन चालक ग्रीन और रेड सिग्नल को आसानी से देख सकें. चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे जहां खराब हो चुके थे, उन्हें अब मेंटिनेंश के साथ व्यवस्थित कर फिर से चालू किया गया है, जिससे यातायात नियमों का उल्घंन करने वालों पर कार्रवाई की जा सके.
त्यौहारों के दौरान ट्रैफिक पुलिस बल कानून व्यवस्था और यातायात को सुचारू रखने में व्यस्त था. महत्वपूर्ण त्योहारों के शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद, पुलिस का पूरा ध्यान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने पर है. सड़कों पर जाम की समस्या पैदा करने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. चालकों को केवल उनके लिए तय किए गए स्टैंड या निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा होने के लिए बाध्य किया जाएगा.
बसंत कौल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात
