ग्वालियर:अमृत भारत योजना के तहत किए जा रहे ग्वालियर रेलवे स्टेशन के उन्नयनीकरण व सौंदर्यीकरण कार्य की धीमी प्रगति पर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रेलवे के डायरेक्टर जनरल ऑफ ऑडिट को लिखित में सूचित करें कि ग्वालियर रेलवे स्टेशन के काम की गति अत्यंत धीमी है। साथ ही गुणवत्ता का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है और यात्रियों को आने-जाने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। डायरेक्टर जनरल पूरे प्रोजेक्ट की जांच कराकर कार्य को गति दिलाएं। सांसद भारत सिंह ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की मौजूदगी में आयोजित हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में इस प्रोजेक्ट से जुड़े कार्य पर चर्चा कर रहे थे।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बनाए जा रहे आगरा-ग्वालियर 6 लेन एक्सप्रेस-वे के काम में तेजी लाने पर भी सांसद कुशवाह ने विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी उत्तरप्रदेश व राजस्थान के अधिकारियों से समन्वय बनाकर एक्सप्रेस-वे के काम को गति दें। भू-अर्जन की वजह से काम प्रभावित नहीं होना चाहिए। बैठक में बताया गया कि मध्यप्रदेश के हिस्से में इस एक्सप्रेस-वे पर लगभग 90 प्रतिशत भू-अर्जन का काम किया जा चुका है। सांसद ने कहा कि ग्वालियर शहर की दीर्घकालीन पेयजल आपूर्ति के लिये निर्माणाधीन चंबल पेयजल प्रोजेक्ट के तहत पाइप लाइन डालने के काम में तेजी लाई जाए। चंबल प्रोजेक्ट को गति देने के लिये कार्य एजेंसी को 15 – 15 दिन की कार्ययोजना बनाकर दें। साथ ही दो शिफ्ट में काम कराया जाए, जिससे शहरवासियों को जल्द से जल्द इस प्रोजेक्ट के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जा सके।
सांसद कुशवाह एवं मंत्री तोमर ने अमृत 2.0 की प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि सम्पूर्ण ग्वालियर शहर की सभी बस्तियों की पेयजल व सीवर लाइनों के नेटवर्क का नक्शा तैयार कर प्रस्तुत करें, जिससे इन लाइनों को ध्यान में रखकर सड़कों का निर्माण किया जा सके। सांसद श्री कुशवाह ने कहा कि सड़क बनाने से पहले सभी तरह की पाइपलाइन डालने का कार्य कर लिया जाए, जिससे अनावश्यक रूप से सड़कों को खोदने की नौबत न आए। बैठक में सांसद कुशवाह एवं मंत्री तोमर ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि अमृत 2.0 के प्रस्तावों को इस प्रकार से अंतिम रूप दें जिससे कार्यों के मूर्तरूप लेने पर शहर की हर बस्ती में पानी पहुँचे।
