
सीधी। कोतवाली पुलिस ने लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 10 लाख का मशरूका बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक महत्वपूर्ण प्रकरण का सफलता पूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 10 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार
दिनांक 04 जून 2026 को फरियादी हरीश मिश्र पिता अरुण मिश्रा निवासी डेनिहा, थाना कोतवाली, जिला सीधी द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अज्ञात चोर द्वारा रात्रि के समय उनके घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया गया तथा अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नगद 30 हजार चोरी कर लिए गए हैं। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य एकत्र किए गए। विवेचना के दौरान प्राप्त जानकारी, तकनीकी विश्लेषण एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही सुधांशु वर्मा पिता किशन कुमार वर्मा निवासी जोगीपुर की पहचान की गई। पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास करते हुए आरोपी को रायपुर (छत्तीसगढ़) से दस्तयाब किया गया। पूंछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से चोरी गया मशरूका बरामद-
आरोपी के कब्जे से चोरी गया मशरूका बरामद किया गया, जिसमें सोने के 02 हार, सोने की 05 अंगूठियां, सोने की 02 चैन, सोने के लॉकेट, चांदी की 05 पायल, चांदी के कड़े एवं अन्य आभूषण तथा नगद राशि 3 हजार
शामिल है। बरामद मशरूका का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 10 लाख है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक विवेक द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रणबहादुर सिंह, तिलकराज सिंह, आनंद शर्मा एवं बालेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
