सिंगरौली: धनवंतरि जयंती एवं धन त्रयोदशी का प्रसिद्ध पर्व कल दिन शनिवार 18 अक्टूबर को प्रदोष व्यापिनी त्रयोदशी तिथि में मनाया जाएगा । जहां शहर से लेकर नगर-कस्बों के व्यापारी आज दिन शुक्रवार से ही दुकानों को सजाने-धजाने में लग गए हैं। कल धन्वंतरि जयंती पर ग्राहक दुकानों से खरीदारी करेंगे।धनतेरस पर्व को लेकर जिला मुख्यालय बैढ़न , चितरंगी, माड़ा, निगाही, मोरवा, जयंत, विंध्यनगर, नवजीवन विहार, सरई, कचनी, परसौना , निगरी, निवास, महुआगांव , कर्थुआ समेत अन्य नगर व कस्बों के व्यापारी दुकानों को सजा कर ग्राहकों के इंतजार करने लगे हैं।
ग्राहक कल दिन शनिवार को करोड़ों रूपये की धनवर्षा दुकानों में होगी। वही व्यापारी भी नये खाताबही की खरीदारी कर पूजापाठ करेंगे। इधर ज्योतिषविद् पं. डॉ. एनपी मिश्र महाप्रबंधक शिवधाम मंदिर बैढ़न के अनुसार परंपरागत रूप से दिवाली से दो दिन पहले मनाया जाने वाला धनतेरस देवी लक्ष्मी, भगवान कुबेर और धन्वंतरि को समर्पित है। इस दिन कुबेर और धन्वंतरि की विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना की जाती है।
साथ ही इस दिन सोना-चांदी, कपड़े, बर्तन, गाड़ी, झाड़ू अन्य चीजों को खरीदना बहुत फलदायी माना जाता है। ऐसी मान्यता है इस दिन नई चीजें खरीदने से घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है । वहीं धनतेरस को प्रदोष काल में दीपदान करना बहुत लाभकारी माना जाता है । हिंदू धर्म में धनतेरस का पर्व विशेष महत्व रखता है। इस दिन को धन और स्वास्थ्य के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।
धनतेरस का संबंध भगवान धन्वंतरि से है, जो समुंद्र मंथन के समय अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। वहीं साथ ही सोना और चांदी के गहनों या सिक्कों के रूप मे, पीतल या तांबे के बर्तन पूजा सामग्री के लिए, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां घर में सुख-समृद्धि के लिए, झाड़ू, बर्तन और अन्य धातु की वस्तुएं घर की सफाई और समृद्धि के प्रतीक, गैजेट्स और इलेक्ट्रॉनिक सामान, आधुनिकता और सुख-सुविधा के लिए।
पांच दिवसीय दीपोत्सव महापर्व आज से
ज्योतिषविद् पं. डॉ. एनपी मिश्र के अनुसार इस दिन किए गए धार्मिक कर्म, पूजा और खरीदारी विशेष रूप से फलदायी माने जाते हैं। धनतेरस के दिन घर की सफाई करना, दीप जलाना और लक्ष्मी माता की पूजा करना बहुत शुभ होता है। इसके अलावा, सोना, चांदी, बर्तन और अन्य धातु की वस्तुएं खरीदना भी परंपरा के अनुसार समृद्धि, सुख-शांति और परिवार में सौभाग्य को बढ़ाने वाला माना जाता है।
साथ ही बताया कि धनतेरस पर खरीदारी का शुभ मुहूर्त है। कल 18 अक्टूबर दिन शनिवार को दोपहर 1:20 से 19 अक्टूबर दिन रविवार की दोपहर 1:54 तक उत्तम रहेगा। इधर सामान्य मुहूर्त कल दिन शनिवार की दोपहर 12:06 बजे से 1:32 बजे तक। लाभ-अनुकूल मुहूर्त दोपहर 1:32 बजे से 2:57 बजे तक, अमृत-अनुकूल मुहूर्त दोपहर 2:57 बजे से शाम 4:23 बजे तक, लाभ-अनुकूल मुहूर्त शाम 5:48 बजे से 7:23 बजे तक, शुभ-अनुकूल मुहूर्त रात्रि 8:57 बजे से 10:32 बजे तक, लाभ-अनुकूल मुहूर्त 19 अक्टूबर दिन रविवार की सुबह 4:50 बजे से दोपहर 01:54 बजे तक श्रेष्ठ रहेगा।
