कुरावर/झाडला:झाडला के समीप ग्राम बरखेड़ा डोर में सडक़ निर्माण के दौरान पेयजल लाईन क्षतिग्रस्त होने से पानी का भारी संकट आ खड़ा हुआ है. डेढ़ माह पूर्व टूटी लाईन आज तक नहीं जोड़े जाने के कारण ग्रामीणों को पानी के लिए खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.जानकारी के अनुसार बरखेड़ा डोर से हिनोतिया जोड़ तक पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा ठेकेदार के माध्यम से डामर की सडक़ निर्माण कार्य किया जा रहा है. सडक़ निर्माण के चलते बरखेड़ा डोर के यहां करीब 300 मीटर पीएचई की नलजल योजना लाईन क्षतिग्रस्त हो गई, इसके बाद से दर्जनों घरों तक पानी सप्लाई ठप्प हो गई.
घर, स्कूलों में पानी सप्लाई बंद
गांव के बाहर से गुजर रही पेयजल सप्लाई लाईन करीब डेढ़ माह पूर्व टूट जाने के बाद गांव के दर्जनों घरों, कॉलोनी, शासकीय माध्यमिक विद्यालय, निजी हायर सेकेण्डरी स्कूल में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई.
लाखों लीटर पानी हो रहा बर्बाद
लाईन क्षतिग्रस्त होने से अधिकांश घरो में पेयजल सप्लाई नहीं हो पा रही है जो कुछ जगह पर पानी पहुंच रहा है वहां सप्लाई के दौरान लाईन फूटी होने से लाखों लीटर पानी बहकर बर्बाद हो रहा है. पानी बहने से नवनिर्मित सडक़ मार्ग के भी खराब होने का डर बना हुआ है.
गर्मी में परेशानी और बढ़ेगी
डेढ़ माह से पानी के लिए परेशानी का सामना कर रहे लोगों के समक्ष गर्मी के मौसम में पानी की परेशानी कहीं अधिक होगी. जल्द लाईन दुरस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में पेयजल को लेकर भारी संकट का सामना करना पड़ सकता है.
कई बार कर चुके है शिकायत
पंचायत एवं ग्रामीणों के द्वारा विभाग एवं ठेकेदार को अवगत कराते हुए कई बार क्षतिग्रस्त पेयजल लाईन को जोडऩे हेतु कहा गया किंतु आज दिनांक तक 300 मीटर लाईन टूटी ही है. एक जगह थोड़ी बहुत लाईन जोडक़र औपचारिकता भर पूरी कर दी गई. ग्रामीणों को पानी के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
नलजल योजना की पेयजल सप्लाई लाईन करीब 300 मीटर क्षतिग्रस्त हो गई है. इसको लेकर शिकायत भी आई थी. लाईन को दुरस्त करने को लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग के ठेकेदार को नोटिस दिया जा चुका है.
देवेन्द्र गौड़ एसडीओ, पीएचई विभाग नरसिंहगढ़
