
रीवा, शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था पटरी पर नही लौट रही है. जाम से हर कोई परेशान है चाहे नेता हो या अफसर, पिछले एक पखवाड़े से सडक़ो में लग रहे जाम से हाहाकार मचा हुआ है. बिगड़ी यातायात व्यवस्था को पटरी में लाने सोमवार की शाम खुद कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी को सडक़ पर उतरना पड़ा. पुराने बस स्टैण्ड सहित व्यस्त चौराहों का निरीक्षण कर दुकानदारों को जमकर फटकार लगाई और नगर निगम को 24 घंटे के अंदर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये.
गौरतलब है कि शहर का ऐसा कोई मार्ग नही जहा जाम न लग रहा हो, हर कोई जाम से जूझ रहा है. अस्थाई अतिक्रमण और गलत पार्किंग एवं आटो रिक्सा के कारण जाम की समस्या खड़ी हो रही है. कई बार आला अफसर जाम में फस चुके है. लगातार जाम की शिकायतों के बीच यातायात व्यवस्था बनाने कई बार मैराथन बैठक हुई, उसके बाद भी कोई परिवर्तन नजर नही हुआ. सोमवार की शाम कार्यालय से निकलने के बाद कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी व्यवस्था बनाने सडक़ पर उतरे. पुराने बस स्टैण्ड, जयस्तंभ सहित चौराहों का निरीक्षण किया और सडक़ तक सामान फैलाकर बैठे दुकानदारो को फटकार लगाई. नगर निगम के अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये और अव्यवस्थित तरीके से जो बसें खड़ी होती है उनको हटाने एवं सडक़ के किनारे खड़े होकर सवारी भरने पर कार्यवाही के निर्देश दिये. पुराने बस स्टैण्ड का निरीक्षण करते हुए अतिक्रमण हटाने का निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि व्यवस्था बनाने में सभी सहयोग करें.
