
नवभारत न्यूज
रीवा, 15 फरवरी, रीवा सिविल लाइन पुलिस ने मोबाइल मैकेनिक को पूंछताछ के लिये हिरासत में लिया. जिसके बाद उसकी पत्नी थाने के सामने लेट कर पति को छोडऩे के लिये हंगामा किया. चोरी और लूट के मोबाइल का लॉक तोडऩे के आरोप में पुलिस ने पूछताछ के लिए मोबाइल मैकेनिक को हिरासत में लिया. इस दौरान युवक की पत्नी परिजनों के साथ थाने पहुंची और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने के सामने ही मेन गेट पर लेट गई. शनिवार सुबह मेन गेट पर लेटकर महिला पति को छोडऩे की मांग करने लगी.
जानकारी के अनुसार पुलिस साइबर सेल के माध्यम से चोरी लूट के मोबाइल को बेचने वाले सरगना तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान चोरी का मोबाइल युवक ने ऑन कर दिया. जिसकी लोकेशन मिलते ही पुलिस ने युवक को ट्रेस किया और पकडक़र पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान एक संदेही ने पुलिस को बताया था कि उसने मोबाइल का लॉक एक मैकेनिक से खुलवाया है, जो शहर में ये काम करता है. इसके बाद सिविल लाइन पुलिस ने संदेही मैकेनिक हरिओम साकेत को हिरासत में लिया. इसके बाद युवक की पत्नी रेशू साकेत परिजनों के साथ थाने पहुंची और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने के सामने ही मेन गेट पर लेट गई. रेशू ने पुलिस पर आरोप लगाया कि उसके पति की गिरफ्तारी की सूचना उसे नहीं दी गई, जबकि परिवार को सूचना देनी चाहिए. सिविलि लाइन थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि मैकेनिक ने अवैध रूप से चोरी और लूट के कई मोबाइलों का लॉक तोड़ा था. जिसकी वजह से उसे हिरासत में लिया गया है उससे पूछताछ की जा रही है.
