इंदौर:गर्मी शुरू होने से पहले ही शहर में पानी को लेकर विवाद हिंसक रूप लेने लगे हैं. राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पानी भरने की बात पर हुए विवाद में एक युवक पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.थाना प्रभारी नीरज बिरथरे ने बताया कि थाना क्षेत्र के कुंदन नगर में रहने वाले 25 वर्षीय फरियादी घनश्याम राठौर अपने मकान में प्लास्टर का काम कर रहा था. इसी दौरान पड़ोसी धर्मेंद्र ने उससे पानी की मोटर चालू करने को कहा. घनश्याम ने मोटर चालू कर दी, जिससे धर्मेंद्र ने पानी भर लिया.
कुछ देर बाद जब घनश्याम ने मोटर बंद की तो इस बात पर धर्मेंद्र भड़क गया और गाली गलौज करने लगा. विरोध करने पर धर्मेंद्र ने अपने साथी गगन गागरे, शुभम और दिनेश को बुला लिया. इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. धर्मेंद्र ने पास में पड़ी ईंट उठाकर घनश्याम के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा. मामले में आरोपी सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है. फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.
