एक ही फंदे पर झूल गए दो दिल: प्रेमी युगल की दर्दनाक आत्महत्या

सतना: जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के मोरा गांव से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। दोनों के शव गांव के उसरहा हार स्थित जंगल में एक नीम के पेड़ पर एक ही फंदे से लटके हुए मिले, जिससे पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटे पाल की बेटी अंजली पाल 29-30 मार्च की रात करीब डेढ़ बजे अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। अगले दिन 30 मार्च की रात करीब नौ बजे ग्रामीणों ने जंगल में एक पेड़ पर दो शव लटके होने की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर उनकी पहचान अंजली पाल और रामभजन गोंड के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच में निकला प्रेम प्रसंग का मामला
सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि अंजली और रामभजन के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन उनके परिजन इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी विरोध के चलते दोनों ने यह कठोर कदम उठाया। हालांकि, परिजनों ने किसी अन्य तरह की आशंका से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है, लेकिन शुरुआती तौर पर इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला माना जा रहा है।

Next Post

लोकायुक्त टीम का ने शिक्षक को घूस लेते पकड़ा

Wed Apr 1 , 2026
सतना: रीवा लोकायुक्त संभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सतना जिले में जन शिक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के सख्त निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह ट्रैप कार्रवाई मंगलवार को की गई। प्राप्त […]

You May Like