
सीधी। जिला अस्पताल में एक गर्भवती महिला के परीक्षण के बाद मृत घोषित करने पर मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पुलिस एवं नायब तहसीलदार के पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद हंगामा समाप्त हुआ और शव का पोस्टमार्टम किया गया। जिले के सेमरिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोठार में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हंगामा शुरू हो गया । मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की । प्राप्त जानकारी के अनुसार दिव्या सिंह बघेल पति विजय बहादुर सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम कोठार, सेमरिया की तबीयत आज अचानक बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बताया गया कि दिव्या सिंह की शादी जुलाई 2024 में विजय बहादुर सिंह के साथ हुई थी। दिव्या मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र के ग्राम सुबाव की रहने वाली थीं। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही दिव्या को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष द्वारा उसे अपने मायके वालों से खुलकर मोबाइल पर बात करने की भी अनुमति नहीं दी जाती थी। बताया गया कि घटना से एक दिन पहले दिव्या की अपनी मां से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने पेट में तेज दर्द होने की बात कही थी। मायके पक्ष के अनुसार दिव्या ने बताया था कि उसे पिछले दिन से ही दर्द हो रहा था, लेकिन उसे किसी डॉक्टर के पास नहीं ले जाया गया, जबकि कोठार से सेमरिया स्वास्थ्य केंद्र काफी नजदीक है और वहां आसानी से उपचार कराया जा सकता था।
समय पर नहीं पहुंचाया गया अस्पताल-
मायके पक्ष का कहना है कि हालत ज्यादा बिगड़ने के बाद सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे उसे जिला अस्पताल सीधी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता ब्रह्मदेव सिंह गहरवार, भाई राहुल सिंह तथा अन्य परिजन रुद्र देव सिंह और रंजीत सिंह बघेल ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इनका कहना है-
मामले में पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
एकता शुक्ला, नायब तहसीलदार गोपदबनास
