
देवास। शहर में सोमवार शाम हुई तेज बारिश के बाद सिविल लाइन अंडरब्रिज किसी खतरे से कम नहीं था। पानी इतना अधिक था कि रात में ही रास्ते को बैरिकेड्स लगाकर बंद करना पड़ा। इसके बावजूद मंगलवार सुबह स्कूली बच्चों से भरा मैजिक वाहन इसी जलमग्न रास्ते में पहुंच गया। कुछ दूर जाते ही वाहन पानी के बीच बंद हो गया और उसमें सवार बच्चे तथा शिक्षिका फंस गए। बाद में बड़ी मशक्कत कर वाहन को रस्सी के सहारे बाहर निकाला गया।
सुबह के समय अंडरब्रिज में काफी पानी जमा था। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बच्चों ने चालक को जलभराव की स्थिति बताते हुए वाहन आगे नहीं ले जाने के लिए कहा, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं मानी।
मैजिक कुछ दूरी तक पानी में पहुंचा और अचानक बंद हो गया। वाहन के बीच रास्ते में रुकते ही बच्चों में घबराहट फैल गई। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब चालक वाहन को वहीं छोड़कर चला गया।
सबसे चिंताजनक बात यह रही कि बच्चों ने खुद चालक को पानी में वाहन नहीं उतारने के लिए कहा था, लेकिन इसके बावजूद चालक ने बैरिकेड्स हटाए और मैजिक को अंडरब्रिज में उतार दिया।
पानी में फंसते ही बढ़ी बच्चों की घबराहट-
मैजिक के अंदर बच्चे और एक शिक्षिका मौजूद थे। ऐसे में कुछ समय के लिए यह समझना मुश्किल हो गया कि सभी को सुरक्षित बाहर कैसे निकाला जाए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि-
घटना की जानकारी मिलते ही एल्डरमैन दिनेश सांखला मौके पर पहुंचे। उन्होंने पार्षद प्रतिनिधि राहुल पवार से फोन पर संपर्क किया। जानकारी मिलने के बाद पवार भी अंडरब्रिज पहुंचे।
बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही समय में प्रशासन की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद रेस्क्यू की प्रक्रिया शुरू की गई।
रस्सी के सहारे निकाला गया वाहन-
मैजिक को पानी से बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद रस्सी की मदद से वाहन को जलभराव वाले हिस्से से बाहर निकाला गया।
इसके बाद मैजिक में फंसे सभी बच्चों और शिक्षिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्हें स्कूल भेज दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी बच्चे को चोट नहीं आई।
एक पंप खराब होने से नहीं निकल सका पानी-
पार्षद प्रतिनिधि राहुल पवार के अनुसार, सोमवार शाम हुई तेज बारिश के बाद सिविल लाइन अंडरब्रिज में करीब चार फीट तक पानी जमा हो गया था। जलभराव को देखते हुए रात में ही बैरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया था।
पवार के मुताबिक पानी निकालने के लिए लगाए गए पंप में से एक खराब हो गया था। इसी कारण रातभर में अंडरब्रिज का पानी पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाया और सुबह भी वहां काफी जलभराव बना हुआ था। ऐसे में बैरिकेड्स हटाकर स्कूली वाहन को अंडरब्रिज में ले जाना गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। इधर सिविल लाइन पुलिस ने लापरवाही बरतने वाले वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
